जालंधर के गुरु नानक मिशन चौक से दिया संदेश; जानलेवा है चाइना डोर, ना करें इसका इस्तेमाल
एनिमल प्रोटेक्शन फाउंडेशन के सदस्यों ने कहा कि शहर में प्रतिबंधित चाइना डोर धड़ल्ले से बिक रही है। पुलिस प्रशासन को सख्ती करके इसकी बिक्री बंद करवानी चाहिए। चाइन डोर घातक है और इसकी गिरफ्त में आकर पक्षियों सहित कई लोगों की जान तक जा चुकी है।
जालंधर, जेएनएन। जानलेवा चाइना डोर के खिलाफ अब जालंधर के आम लोग भी सड़कों पर उतर आए हैं। रविवार को एनिमल प्रोटेक्शन फाउंडेशन इसके खिलाफ लोगों को जागरूक किया। संस्था की ओर से गुरु नानक मिशन चौक पर एक अवेयरनेस प्रोग्राम करवाया गया। इसमें सदस्यों ने हाथों में बैनर पकड़कर पतंग उड़ाने वालों से चाइना डोर का इस्तेमाल ना करने के लिए प्रेरित किया। सदस्यों ने कहा कि शहर में प्रतिबंधित चाइना डोर धड़ल्ले से बिक रही है। पुलिस प्रशासन को सख्ती करके इसकी बिक्री बंद करवानी चाहिए। चाइन डोर घातक है और इसकी गिरफ्त में आकर पक्षियों सहित कई लोगों की जान तक जा चुकी है।
प्लास्टिक की यह डोर इंसान से लेकर जानवरों तक के लिए घातक है। बच्चे इसका इस्तेमाल करके पतंग उड़ा रहे हैं जो कि बहुत खतरनाक है। अभिभावकों को चाहिए कि वे बच्चों को चाइना डोर ना लाकर दें।
सदस्यों ने पुलिस प्रशासन से मांग की शहर में चाइना डोर बेचने वालों पतंग विक्रेताओं के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए। फाउंडेशन के प्रधान युवी सिंह ने बताया कि इस प्रोग्राम के माध्यम से लोगों को चाइना डोर का बहिष्कार करने के लिए प्रेरित किया गया। बच्चे चाइना डोर का प्रयोग ना करें क्योंकि इससे जान जाने का खतरा है।