Weather: एक हफ्ते तक झेलनी पड़ेगी गर्मी की मार, जानें बारिश कब देगी राहत Jalandhar News
पिछले कुछ दिनों से कहर ढा रही गर्मी का प्रकोप जारी है। दो दिन पूर्व अधिकतम 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास चल रहा तापमान शुक्रवार को इसे पार करते हुए 42 डिग्री तक पहुंच गया है।
जेएनएन, जालंधर। पिछले कुछ दिनों से कहर ढा रही गर्मी का प्रकोप जारी है। दो दिन पूर्व अधिकतम 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास चल रहा तापमान शुक्रवार को इसे पार करते हुए 42 डिग्री तक पहुंच गया। भीषण गर्मी की वजह से लोग घरों में दुबकने को विवश हो गए। वहीं जो लोग सड़कों पर से गुजर भी रहे थे वह भी पसीने से तरबतर नजर आए।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के चलते अब पांच व छह जुलाई को बारिश के साथ तेज हवाएं चलेंगी। जिससे तापमान तो गिरेगा ही साथ ही लोगों को राहत की सांस भी मिलेगी। हालांकि आने वाले तीन दिन गर्मी का कहर बरकरार रहेगा। जिसके तहत वीकेंड पर पारा 43 डिग्री तक भी जा सकता है।
मौसम विभाग के डायरेक्टर डॉ. सुरेंद्र पाल का कहना है कि जुलाई के पहले पखवाड़े में पंजाब में प्री-मानसून दस्तक दे सकती है। जिसके संकेत पहले सप्ताह में ही मिल जाएंगे। बारिश के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं, अभी राहत की उम्मीद नहीं है। बारिश के बाद ही तापमान गिरावट दर्ज की जाएगी।