कन्हैया के खिलाफ हिंदू संगठनों में उबाल, कई भाजपाई गिरफ्तार
कन्हैया के खिलाफ हिंदू संगठनों का गुस्सा फूट पड़ा। कई भाजपाइयों को गिरफ्तार लिया गया है। वहीं, कन्हैया ने अपना कार्यक्रम रद कर लिया है।
जालंधर (वेब डेस्क)। जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के छात्र नेता कन्हैया कुमार के खिलाफ यहां भाजपा व हिंदूवादी संगठनों के नेताओं को गुस्सा फूट पड़ा। नेता कन्हैैया के खिलाफ सड़कों पर उतरे और जमकर रोष प्रदर्शन किया। पुलिस ने कई भाजपा नेताओं को गिरफ्तार किया है। कन्हैया को यहां आज शहीद भगत सिंह के जन्मदिवस पर आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लेने आना था, लेकिन सुरक्षा कारणों से उनका कार्यक्रम रद कर दिया गया है। सीपीएम की ओर से आयोजित कार्यक्रम में कन्हैया मुख्य वक्ता थे।
भाजपाई, शिवसेना, विश्व हिंदू परिषद, साईं संध्या सहित कई हिंदू संगठन उनके कार्यक्रम का विरोध कर रहे थे। कन्हैया व पाकिस्तान के खिलाफ प्रदर्शनकारी नारे लगा रहे थे। उनका कहना था कि कन्हैया देशद्रोही है और ऐसे व्यक्ति को यहां बोलने की इजाजत नहीं दी जानी चाहिए। पूरा इलाका पुलिस छावनी बना हुआ है।
देखें तस्वीरें : कन्हैया कुमार के खिलाफ फूटा हिंदू संगठनों का गुस्सा
कन्हैया कुमार के कार्यक्रम का विरोध कर रहे कई भाजपा नेताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है। भाजपा नेता अमरजीत सिंह अमरी सहित अन्य भाजपा नेताओं को बस में बिठाकर शहर के बाहर ले जाया गया।
पुलिस उन्हें अज्ञात स्थान पर ले गई। खुद भाजपा नेताओं को नहीं पता पुलिस उन्हें कहां ले जा रही है। अमरजीत सिंह ने कहा कि देश हित में बोलने वाले भाजपा नेताओं को नजरबंद किया जा रहा है और देश विरोधी बातें करने वाले लोगों को पुलिस सुरक्षा मुहैया करवाई जा रही है।