वाट्सएप ग्रुप में हेड कांस्टेबल ने डाला अश्लील वीडियो, किरकिरी के बाद एडीसीपी ने किया सस्पेंड
अश्लील वीडियो कांग्रेस के एंटी नार्कोटिक्स टीम के वाट्सएप ग्रुप में डाली गई थी। इस पर एतराज जताते हुए सदस्यों ने ग्रुप छोड़ दिया है।
जालंधर, जेएनएन। कांग्रेस के एंटी नार्कोटिक्स सेल के वाट्सएप ग्रुप में सीआइए स्टाफ के हेड कांस्टेबल ने अश्लील वीडियो डाल दी। जैसे ही वीडियो पड़ी, ग्रुप में शामिल पुलिस अधिकारियों व महिला सदस्यों ने कड़ी आपत्ति जताई। इसके बाद हेड कांस्टेबल को ग्रुप से रिमूव कर दिया गया और पोस्ट भी हटा दी गई लेकिन तब तक उसे नशे के खिलाफ कोई जागरूकता वीडियो समझकर कई सदस्य डाउनलोड कर देख चुके थे। हेड कांस्टेबल की इस कारगुजारी से शर्मसार हुए सेल के अधिकारियों ने सीपी को उसके खिलाफ शिकायत कर दी। इस पर एडीसीपी क्राइम गुरमीत किंगरा ने हेड कांस्टेबल सुखविंदर सिंह को सस्पेंड कर दिया। एडीसीपी किंगरा ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि आदेश जारी कर दिए गए हैं।
कांग्रेस पार्टी के एंटी नार्कोटिक्स सेल के जिला चेयरमैन सुरिंदर सिंह कैरों ने कहा कि वह नशे के खिलाफ अभियान चला रहे हैं। इसके लिए अलग टीमें भी बनाई गई हैं। जिसमें महिलाएं भी शामिल हैं। आपस में सबका तालमेल रहे, इसलिए यह वाट्सएप ग्रुप एंटी नार्कोटिक्स टीम जालंधर के नाम से बनाया था। जिसमें सेल की टीम के साथ उनके पंजाब चेयरमैन, कई राजनीतिक नेता व पुलिस अधिकारी भी सदस्य हैं। हेड कांस्टेबल सुखविंदर सिंह सीआइए स्टाफ में तैनात है और वह भी इस ग्रुप का सदस्य था। वीरवार शाम को अचानक उसने ग्रुप में यह अश्लील वीडियो डाल दी। इसके बाद ग्रुप के सदस्य भड़क उठे और उन्हें बुरा-भला कहने लगे।
मोबाइल नीचे गिरने से आ गई वीडियो
चेयरमैन सुरिंदर कैरों ने कहा कि जब वाइस चेयरमैन दविंदर विरदी ने हेड कांस्टेबल सुखविंदर से बात की तो उसने कहा कि उसका मोबाइल जमीन पर गिर गया था, जिसकी वजह से यह वीडियो उनके ग्रुप में आ गई। इसके बाद भी उसने कोई अफसोस नहीं जताया बल्कि उलटा कहा कि जो करना है कर लो। कैरों ने कहा कि हेड कांस्टेबल इतने गैर जिम्मेदारा तरीके से जवाब दे रहा है जबकि रात से लोगों के मैसेज से उनका वाट्सएप भरा पड़ा है।
वीडियो के बाद खाली हुआ ग्रुप
जैसे ही एंटी नार्कोटिक्स टीम के वाट्सएप ग्रुप में अश्लील वीडियो पड़ी, लोगों ने एतराज जताते हुए ग्रुप छोड़ना शुरू कर दिया। ग्रुप से जुड़ी महिला सदस्यों और पुलिस अधिकारियों ने ग्रुप छोड़ दिया। यही नहीं, इन लोगों ने दोबारा ऐसे लोगों को ग्रुप में जोड़ने पर भी ध्यान रखने को कहा है ताकि फिर से ऐसी कोई गलत हरकत ना हो।
हेड कांस्टेबल बोला, मुझे कुछ नहीं पता
इस बारे में जब हेड कांस्टेबल सुखविंदर सिंह से बात की गई तो उसने कहा कि उसे इस बारे में कुछ भी पता नहीं है कि व्हाट्सएप ग्रुप में अश्लील वीडियो गई है।