रविवार को हुई बारिश से दूसरे दिन भी मौसम सुहावना, 32 डिग्री पर टिका अधिकतम तापमान
मौसम विभाग ने 24 तथा 25 जून को तेज आंधी और बारिश की संभावना जताई है।
जालंधर, जेएनएन। रविवार को लगे सूर्य ग्रहण के बाद रात को आसमान में गरज के साथ छाए बादल और तेज हवाओं के बाद हुई बारिश का असर दूसरे दिन भी रहा। सप्ताह के पहले दिन सोमवार को तड़के ठंडी हवाओं ने मौसम खुशगवार बनाए रखा। इसका असर तापमान पर भी पड़ा। बीते सप्ताह लगातार खिली धूप के कारण अधिकतम 42 डिग्री तक पहुंचा तापमान सोमवार को दोपहर तक 32 डिग्री पर टिका रहा। इस बार यह पहला अवसर था जब जून में ठंडी हवाएं चलने से मौसम सुहावना बना रहा। हालांकि जून के मध्यांतर के बाद सूर्य की प्रचंड किरणों ने भीषण गर्मी का एहसास करवाया था। वहीं, तीसरे सप्ताह में एक बार फिर मौसम ने करवट ली है।
सप्ताह भर में हो सकता है मानसून का आगमन
उधर, मौसम विभाग सप्ताह भर के बीच मानसून के आगमन का संकेत दे रहा है। इसके साथ ही 24 तथा 25 जून को तेज आंधी तथा बारिश की संभावना जताई जा रही है। इस बारे में मौसम विभाग के डायरेक्टर डॉ. सुरेंद्र पाल बताते हैं कि उत्तर भारत के अधिकतर क्षेत्रों में इस सप्ताह संभावित मानसून का आगमन हो जाएगा। लिहाजा आने वाले कुछ दिन मौसम भी सुहावना बना रहेगा।
एक सप्ताह तक शहरवासियों ने झेली भीषण गर्मी
रविवार रात हुई बारिश के बाद सोमवार को मौसम सुहावना रहने से शहर के लोगों ने राहत की सांस ली है। पिछले करीब दस दिन से लगातार पारा चढ़ने से लोग गर्मी से बेहाल हो रहे थे। इस बीच कई क्षेत्रों में बिजली कट लगने से लोगों के लिए राज गुजारना मुश्किल हो गया था। बढ़ती उमस से हर कोई परेशान था। रविवार रात को करीब डेढ़ घंटे तक हुई बारिश ने उन्हें काफी हद तक राहत दी है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें