पुलिस कमिश्नरेट में कोरोना का खौफ, बड़े अधिकारियों के लिए गेट रिजर्व किया
पुलिस कर्मियों में कोरोना के बढ़ते मामलों के बाद अब पुलिस कमिश्नरेट ऑफिस में सख्ती बढ़ा दी गई है। सिर्फ बहुत जरूरी होने पर ही लोगों को अंदर जाने दिया जा रहा है।
जालंधर, जेएनएन। एक पुलिस कर्मचारी के पॉजीटिव आने के बाद पुलिस कमिश्नरेट के अधिकारियों के दफ्तर के आगे खुलने वाला एंट्री गेट बंद कर दिया गया है। इसकी जगह पर अब दूसरा गेट खोल दिया गया है। वहां पर भी अंदर जाने से पहले पूरी सख्ती बरती जा रही है। थर्मल इन्फ्रारेड थर्मामीटर से शरीर के तापमान की चेकिंग की जा रही है। हाथ भी सैनिटाइज कराए जा रहे हैं। इसके अलावा जिसका काम है, उसी को अंदर जाने की इजाजत दी जा रही है। साथ ही, पुलिस कमिश्नरेट के भीतर जाने वाले सभी लोगों की गिनती सीमित कर दी गई है।
कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कम से कम लोग ही अंदर आएं। सिर्फ ऐसे लोगों को अंदर आने दिया जाए जिनके जाए बगैर उनका काम नहीं होता है। अधिकारियों की पब्लिक डीलिंग भी कम की जा चुकी है। ज्यादातर लोगों की शिकायतों पर बाहर से ही कर्मचारी अधिकारियों से फोन पर बात कर आगे जांच के लिए भिजवा रहे हैं।
अधिकारियों के लिए पुलिस कमिश्नर दफ्तर वाला गेट रिजर्व
एक तरफ पुलिस कमिश्नरेट में बरती जा रही इस सख्ती से लाेगाें की परेशानी बढ़ रही है। वहीं, अधिकारियों ने खुद की सुरक्षा के मद्देनजर अब अपने लिए सिर्फ पुलिस कमिश्नर दफ्तर वाला गेट रिजर्व कर लिया है। यहां से किसी आम व्यक्ति को आने की इजाजत नहीं है। कमिश्नरेट के बाकी सभी रास्ते अंदर जाने के लिए बंद कर दिए गए हैं। सिर्फ एक ही गेट अब आम जनता के लिए खोला गया है। इसके अलावा कमिश्नरेट के बाकी तमाम सभी रास्ते बंद कर दिए गए हैं। अब पुलिस कर्मचारियों की भी कोरोना के लिहाज से पूरी तरह चेकिंग की जा रही है।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें