मनप्रीत बादल ने रोटरी चेरिटेबल अस्पताल के लिए घोषित की 50 लाख की ग्रांट
वित्तमंत्री मनप्रीत सिंह बादल ने कहा कि 22 साल में पहली बार पंजाब का पूंजीगत खर्च हरियाणा से अधिक रहा है। राज्य की आर्थिक हालात में व्यापक स्तर पर सुधार हो रहा है।
जागरण संवाददाता, जालंधर : वित्तमंत्री मनप्रीत सिंह बादल ने कहा कि 22 साल में पहली बार पंजाब का पूंजीगत खर्च हरियाणा से अधिक रहा है। राज्य की आर्थिक हालात में व्यापक स्तर पर सुधार हो रहा है। कैप्टन अमरिंदर सिंह के नेतृत्व में पंजाब सफलता की दिशा पर अग्रसर है। रोटरी क्लब जालंधर ईस्ट की तरफ से श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर माडल हाउस में संचालित रोटरी चेरिटेबल अस्पताल में आपरेशन थिएटर के उद्घाटन के लिए पहुंचे मनप्रीत बादल ने कहा कि रोटरी क्लब वास्तव में मानवता की सेवा को समर्पित है। उन्होंने अस्पताल के लिए पचास लाख रुपये की ग्रांट जारी करने की घोषणा की।
मनप्रीत ने कहा कि हरियाणा के 8000 करोड़ के मुकाबले पंजाब का इस साल का सालाना पूंजीगत खर्च 14000 करोड़ रहा है। पंजाब का खजाने खाली छोड़ने वालों के लिए भी राज्य सरकार ने मिसाल कायम की है। आने वाले दिनों में पंजाब के हर क्षेत्र में विकास देखने को मिलेगा। लोगों को कोरोना महामारी के संकट से बचाने के लिए कई अहम कदम उठाए गए है।
विश्वभर के 200 देशों में फैली महामारी ने पूरे विश्व की आर्थिकता को नुकसान पहुंचाया है। पंजाब ने इसका प्रभावशाली ढंग के साथ मुकाबला किया है। संकट के इस समय में पंजाबियों के अधिकारों की रक्षा करने में कोई कमी नहीं छोड़ी गई। सुशील रिकू ने कहा कि वेस्ट हलके में कालेज व स्कूलों में जब भी जरूरत पड़ी है, सरकार द्वारा करोड़ों की ग्रांट जारी की गई है। उन्होंने कहा कि आज का दिन हलके लिए ऐतिहासिक है। इस मौके पर विधायक सुशील रिकू व पंजाब जल स्त्रोत प्रबंधन निगम के चेयरमैन जगबीर सिंह बराड़, पंजाब खादी बोर्ड के डायरेक्टर मेजर सिंह, रोटरी क्लब डिस्ट्रिक्ट 3070 के जिला गवर्नर डा. यूएसघई, सुशील नागपाल, अरुण मल्होत्रा, बृजेश सिगल व सदस्य मौजूद थे।
रोटरी क्लब जालंधर ईस्ट की टीम को दी बधाई
मनप्रीत बादल ने रोटरी क्लब जालंधर ईस्ट की पूरी टीम को बधाई दी। कहा कि मानवता की सेवा के लिए कार्य करने वाली इस क्लब ने सेवा के क्षेत्र में मिसाल कायम की है। ऐसा करके क्लब द्वारा सरकार की भी मदद की जा रही है।भविष्य में भी क्लब को सहयोग देने का विश्वास दिलाया। इससे पूर्व क्लब के पूर्व प्रधान रणदीप शर्मा व उद्योगपति दिनेश शर्मा ने क्लब की गतिविधियों के बारे में विस्तार के साथ जानकारी दी।