किसानों को नई तकनीकों की दी जानकारी
सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फार वेजिटेबल करतारपुर में तीन दिवसीय किसान सिखलाई कोर्स करवाया गया।
संवाद सहयोगी, करतारपुर : बागवानी विभाग द्वारा स्थापित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फार वेजिटेबल करतारपुर में तीन दिवसीय किसान सिखलाई कोर्स करवाया गया जिसमें दर्जनों किसानों ने भाग लिया। शुक्रवार कोर्स के अंतिम दिन के मुख्य मेहमान डा. सुखदीप सिंह हुंदल डिप्टी डायरेक्टर बागवानी विभाग जालंधर थे। उन्होंने किसानों को नई स्कीमों के बारे में जानकारी दी और खेती में विभिन्नता की ओर आने को प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि करतारपुर स्थित सेंटर ऑफ एक्सीलेंस फॉर वेजिटेबल इंडो इजरायल प्रोजेक्ट किसानों के लिए लाभप्रद सिद्ध हो रहा है। पंजाब के किसान यहां आकर सब्जियों की खेती संबंधित ट्रेनिग ले रहे हैं। पंजाब के 17 जिलों में 48 किसानों ने इसमें भाग लिया। अब तक 1109 किसान यहां आधुनिक तरीकों से सब्जियां उगाने की ट्रेनिग ले चुके हैं। जो भी किसान यहां ट्रेनिग लेता है, वह गेहूं और धान के रिवायती फसली चक्कर से निकलकर सब्जी की खेती की ओर रुझान करता है।
किसानों को पनीरी तैयार करने, पालीहाउस में सब्जी की खेती, मंडीकरण की संभाल संबंधी जरूरी जानकारी दी जाती है। इस मौके डा. दलजीत सिंह गिल सहायक डायरेक्टर बागवानी कम प्रोजेक्ट अफसर करतारपुर ने बताया कि सेंटर में सब्जी पैदावार की नई तकनीक से किसानों को जागरूक किया जाता है। इससे एक कनाल पालीहाउस में 50 हजार से 70 हजार तक का वार्षिक मुनाफा कमाया जा सकता है।
इस ट्रेनिग में डा. सुरेश कुमार अरोड़ा हरियाणा, डा. आरके शारदा पीटीयू लुधियाना, बागवानी विभाग के डा. तेजवीर सिंह, डा. विक्रम वर्मा, डा. शैली संधु, गणपत कुमार, संदीप कौर ने अलग-अलग विषयों की जानकारी दी। किसानों को सर्टिफिकेट भी बांटे गए।