जाली करंसी मामलाः आरोपित अंकित यूपी से लेकर जालंधर आया था नकली नोट, सप्लाई लेने वाले ने खुद करना था संपर्क
जालंधर में जाली करंसी समेत पकड़े गए युवक ने एक अहम खुलासा किया है। पुलिस पूछताछ में बताया कि वह नकली नोट यूपी से लेकर आया था। उससे यह डिलिवरी जालंधर में ली जानी थी और नकली नोट लेने वाले ने खुद उससे संपर्क करना था।
जालंधर, जेएनएन। जाली भारतीय करंसी के साथ पकड़ा गया आरोपित अंकित यूपी से नकली नोट लाया था। उससे यह डिलिवरी जालंधर में ली जानी थी और नकली नोट लेने वाले ने खुद उससे संपर्क करना था। यह खुलासा आरोपित से पूछताछ के बाद हुआ। हालांकि आधिकारिक तौर पर पुलिस ने उस बारे में कोई जानकारी नहीं दी लेकिन पता चला है कि अंकित मूल रूप से कानपुर, यूपी का रहने वाला है। वहीं से वो जाली भारतीय करंसी लाया था। बताया जा रहा है कि पहले भी वो नकली करंसी सप्लाई कर चुका है लेकिन कभी पकड़ा नहीं गया था। अब पुलिस ने उससे सप्लाई लेने वालों के बारे में पूछताछ शुरु कर दी है।
वहीं आरोपित का मोबाइल भी पुलिस ने जब्त कर लिया है। मोबाइल फोन के कॉल डिटेल से भी पुलिस को कई अहम खुलासे होने की संभावना है। रविवार को थाना डिवीजन नंबर आठ की पुलिस ने जाली भारतीय करंसी के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। आरोपित की पहचान हरगोबिंद नगर निवासी अंकित वर्मा के रूप में हुई थी। आरोपित के पास से पुलिस को 37,300 की नगदी बरामद हुई थी। पुलिस ने अंकित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था।
थाना आठ के प्रभारी कमलजीत सिंह ने बताया कि उनके पास गुप्त सूचना आई थी कि जाली करंसी के साथ एक व्यक्ति जाली भारतीय करंसी किसी को देने के लिए आ रहा है। ऐसे में पुलिस ने पठानकोट चौक के पास नाकाबंदी कर दी और शक के आधार पर वहां से निकल रही आर्टिगा कार को रोका। गाड़ी की तलाशी लेने पर उसमें से 37,300 रुपये बरामद किए। जांच में सामने आया कि सारी करंसी जाली थी। पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया। थाना प्रभारी कमलजीत सिंह ने बताया कि आरोपित को रिमांड पर लेकर जाली करंसी की सप्लाई देने और लेने वालों के बारे में पूछताछ की जाएगी।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें