बठिंडा में घर में दाखिल होकर बाप-बेटे से की मारपीट, चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
बठिंडा में परसराम नगर निवासी एक बाप-बेटे से घर में घुसकर मारपीट की और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। वहीं थाना कैनाल कालोनी पुलिस ने आरोपित लोगों पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।
जासं, बठिंडा। शहर में परसराम नगर निवासी एक बाप-बेटे से घर में घुसकर मारपीट की और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। मारपीट करने की वजह यह कि पीड़ित लोगों के पास एक घर में आरकेस्ट्रा की लड़कियां रहती थी। उन्होंने मकान मालिक को बोलकर उक्त लड़कियों से घर खाली करवा लिया था। इसी रंजिश को लेकर मारपीट की और घायल कर दिया। थाना कैनाल कालोनी पुलिस ने आरोपित लोगों पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को शिकायत देकर करमिंदर सिंह निवासी परसराम नगर बठिंडा ने बताया कि बीती 15 जनवरी की रात को आरोपित गोपी, हैप्पी, मंयक व डीसी निवासी परसराम नगर बठिंडा उसके घर में दाखिल हुए उसकी और उसके पिता जगसीर सिंह से मारपीट कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। पीड़ित ने बताया कि उनके पड़ोस में आरकेस्ट्रा वाली लड़किया रहती थी। जिनके पास हर समय गलत लड़के व लोग आते थे। जिसके कारण मोहल्ले के लोगों को काफी परेशानी होती थी। वहीं उनके घर की महिलाओं का घर से बाहर निकालना मुश्किल हो गया था। पीड़ित ने बताया कि उसके कहने पर मकान मालिक ने उक्त लड़कियों से घर खाली करवा लिया। इसके बाद उक्त लोग उनके साथ रंजिश रखने लगे। इसी रंजिश के चलते उन्होंने घर में घुसकर मारपीट की। पुलिस ने मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।