कोरोना से बचने के लिए आंखों पर बार-बार हाथ न लगाएं, हरी सब्जियां, पीले रंग के फल खाकर बढ़ाएं नजर
आंखों की संभाल को लेकर दैनिक जागरण के हेलो जागरण कार्यक्रम में आई सर्जन डॉ. अशोक शर्मा ने शहरवासियों के सवालों के जवाब दिए।
जालंधर, जेएनएन। लगातार टीवी नहीं देखना चाहिए, न ही मोबाइल चलाना चाहिए। आपकी नजरें कमजोर हो सकती है। अधिक टीवी देखने से आंखों में ड्राईनेस आ जाती है। कोरोना वायरस से बचने के लिए बिना वजह आंखों को हाथ न लगाएं। आंखों की संभाल के लिए सन ग्लासेस जरूर लगाने चाहिए। आंखों की संभाल को लेकर दैनिक जागरण के हेलो जागरण कार्यक्रम में आई सर्जन डॉ. अशोक शर्मा ने शहरवासियों के सवालों के जवाब दिए। डा. शर्मा ने कहा कि आंखें नाजुक होती है। जरूरी है कि हर व्यक्ति इनकी संभाल करे। लोगों को हरी सब्जियों के साथ-साथ पीले रंग के फलों का सेवन अधिक करना चाहिए।
शहर के ही अमन कुमार ने पूछा कि कोरोना वायरस संकट में आंखों की संभाल कैसे कर सकते हैं। डॉ. शर्मा ने कहा कि कोरोना वायरस आंखों के माध्यम से भी आपके शरीर में प्रवेश कर सकता है। सावधानी के तौर पर बार-बार आंखों पर हाथ न लगाएं। घर आते ही आंखों में ठंडे पानी की छीटें मारें। लुबरीकेंट्स आई ड्राप डाल सकते है। काॅटन कपड़े से आंखों को साफ करें।
अधिक टीवी व मोबाइल चलाने से आंखों पर बुरा असर
शहर के गौरव पब्बी ने पूछा कि ज्यादा टीवी देखने और मोबाइल का इस्तेमाल करने का क्या असर होता है। इस पर डॉ. शर्मा ने कहा कि अधिक टीवी व मोबाइल चलाने से नजरें कमजोर हो सकती है। आंखों में ड्राइनेस हो सकती है। आंखों की संभाल के लिए लुबरीकेंट्स ड्रॉप जरूर डालें।
आंखों में पानी बहता रहता है, इसे कैसे रोका जा सकता है? यह सवाल पूछा शालिनी शर्मा ने। इसके जवाब में डॉ. अशोक शर्मा ने कहा कि आंखों से पानी बहने के अलर्जी या फिर कई अन्य कारण हो सकते हैं। किसी आई स्पेशलिस्ट से आंखें जरूर चेक करवाएं।
संगीता ने भी अपनी परेशानी बताई। उन्होंने पूछा कि नजर का चश्मा लगाने के बाद भी सिरदर्द की शिकायत रहती है, क्या किया जाए। इस पर डॉ. शर्मा ने उत्तर दिया कि नजर का चश्मा लगाने के बाद सिरदर्द की शिकायत है तो आपकी नजर अधिक कमजोर हो रही है। चश्मे का नंबर बढ़ने वाला है। महीने में एक बार डाक्टर से आंखों का चेकअप करवाएं।
आंखों की रोशनी बढ़ाने के लिए गाजर खाएं
शहर के ही प्रो. मनीष खन्ना ने पूछा किस चीज का सेवन करने से आंखों की रोशनी को बढ़ाया जा सकता है। इस पर आई स्पेशलिस्ट डॉक्टर ने आंखों की रोशनी को बढ़ाने के लिए पीले रंग के फ्रूट खाने के साथ-साथ रोजाना गाजर का सेवन करने की सलाह दी। इनमें विटामिन-ए अधिक होता है जो आंखों की रोशनी को दुरस्त रखता है। हरी सब्जियां का सेवन करते रहें। किसी प्रकार का तनाव न लें और नियमित रूप से सुबह सैर करें।