Punjab Election 2022: मोबाइल पर अपलोड करें 'नो यूअर कैंडिडेट' एप, हासिल करें अपने प्रत्याशी की हर जानकारी
Punjab Chunav 2022 डीसी घनश्याम थोरी ने कहा कि गूगल प्ले स्टोर पर जाकर अपने मोबाइल से यह ऐप डाउनलोड करना होगा। इस ऐप पर प्रत्याशी द्वारा नामांकन दाखिल करते समय दी गई तमाम तरह की जानकारी अपलोड कर दी जाती है। जिसे लोग आसानी से जान सकते हैं।
जागरण संवाददाता, जालंधर। अगर आप अपने विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ रहे प्रत्याशियों के बारे में मतदान करने से पहले जानकारी चाहते हैं तो यह काम अब बहुत आसान है। आप केवल एक एप डाउनलोड करना होगा। इसकी मदद से घर बैठे-बैठे प्रत्याशियों के बारे में सारी जानकारी मिल जाएगी। इसके लिए अब केवल अपने मोबाइल में 'नो यूअर कैंडिडेट' एप (Know Your Candidate-KYC App) डाउनलोड करना होगा। इस संबंध में हुई बैठक के दौरान डीसी घनश्याम थोरी ने कहा कि गूगल प्ले स्टोर पर जाकर अपने मोबाइल से यह एप डाउनलोड करना होगा। इस एप पर प्रत्याशी द्वारा नामांकन दाखिल करते समय दी गई तमाम तरह की जानकारी अपलोड कर दी जाती है। इसे लोग आसानी से जान सकते हैं।
उन्होंने कहा कि इसमें प्रत्याशी की आय, उसकी प्रॉपर्टी, उसका कर्ज व उस पर दर्ज अपराधिक मामले सहित तमाम तरह की जानकारी मिल जाएगी। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देशों पर लोगों को अपने मोबाइल में यह एप डाउनलोड करने के लिए भी जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वोटरों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए सभी 1975 बूथों पर 18131 मुलाजिम तैनात किए गए हैं। इसके अलावा दिव्यांग तथा बुजुर्गों के लिए बैलट पेपर वोटिंग का इंतजाम भी किया गया है। उन्होंने बताया कि इस बार 9 महिला बूथ तथा 59 पोलिंग बूथ बनाए जाएंगे। इसके अलावा किसी भी तरह की शिकायत देने के लिए सी-विजल ऐप तथा हेल्पलाइन नंबर 1950 जारी किया गया है। लोग बेझिझक इन पर शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।
ऐसे लें KYC एप से प्रत्याशी की जानकारी
KYC एप डाउनलोड करने के बाद उसे ओपन करने पर प्रोसीड/आगे बढ़े विकल्प आएगा। इस पर क्लिक करने के बाद आपके सामने प्रत्याशी को नाम या फिर क्राइटेरिया से सर्च करने का विकल्प मिलेगा। यहां जरूरी जानकारी भरने पर प्रत्याशी से जुड़ी जानकारी जैसे कि नाम, पिता या पति का नाम, उम्र, पार्टी, पता आदि सामने आ जाएगा। यहां आप प्रत्याशी की ओर से नामांकन के दौरान जमा करवाए गए हलफनामे (एफिडेविट) की पीडीएफ भी देख सकते हैं। इसमें प्रत्याशी की संपत्ति का ब्योरा भी देखा जा सकता है।