दिल्ली-जालंधर फ्लाइट फिर आधा घंटा लेट, नहीं रुक रहा यात्रियों के परेशान होने का सिलसिला
दिल्ली-आदमपुर-दिल्ली सेक्टर की स्पाइसजेट की फ्लाइट की लेतलतीफी कम नहीं हो रही है। मंगलवार को भी दिल्ली से आने वाली फ्लाइट करीब आधा घंटा लेट है। सोमवार को भी दिल्ली आदमपुर सेक्टर की फ्लाइट का संचालन लगभग 23 मिनट की देरी से हुआ था।
जालंधर, जेएनएन। लगभग डेढ़ महीने की कड़ी को ना तोड़ते हुए एक बार फिर से दिल्ली-आदमपुर-दिल्ली सेक्टर की फ्लाइट का संचालन देरी से हो रहा है। मंगलवार को दिल्ली आदमपुर सेक्टर की फ्लाइट आधे घंटे की देरी से संचालित हो रही है। फ्लाइट का दिल्ली से आदमपुर के लिए उड़ान भरने का समय बाद दोपहर 3:40 निर्धारित है, लेकिन फ्लाइट ने 4:10 पर आदमपुर के लिए उड़ान भरी है। इसके कारण एयरपोर्ट पर यात्रियों को रोजाना की तरह भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सोमवार को भी दिल्ली आदमपुर सेक्टर की फ्लाइट का संचालन लगभग 23 मिनट की देरी से हुआ था, जबकि आदमपुर दिल्ली सेक्टर की फ्लाइट 31 मिनट की देरी से उड़ान भर सकी थी। दिल्ली से आ रही फ्लाइट के पांच बजे के बाद ही आदमपुर में लैंड करने की संभावना है। आशा व्यक्त की जा रही है कि आदमपुर दिल्ली सेक्टर की फ्लाइट का संचालन भी आधे घंटे से ज्यादा तक पिछड़ सकता है। आदमपुर से दिल्ली के लिए फ्लाइट का उड़ान भरने का समय शाम 5:05 निर्धारित है।
आदमपुर से आपरेट होती है मात्र एक फ्लाइट
बता दें कि आदमपुर सिविल एयरपोर्ट से वर्तमान में केवल एक ही फ्लाइट रोजाना संचालित होती है। दिल्ली-आदमपुर-दिल्ली सेक्टर में निजी विमानन कंपनी फ्लाइट का संचालन करती है। पिछले कुछ दिनों से फ्लाइट लगातार लेट होने यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
फ्लाइट कैंसिल होने पर यात्रियों को उठाना पड़ता है अतिरिक्त खर्च
पिछले एक महीने में कई बार दिल्ली की फ्लाइट निरस्त भी की जा चुकी है। जब भी फ्लाइट निरस्त होती है। यात्रियों को अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ता है। दरअसल, कई यात्री तुरंत चंडीगढ़ या अमृतसर एयरपोर्ट का रुक करते हैं। वहां जाने के लिए टैक्सी का किराया ही करीब दो से तीन हजार रुपये के बीच बैठता है जबकि दिल्ली की टिकट बुक करवाने का खर्च अलग से उठाना पड़ता है।