Delhi-Adampur फ्लाइट फिर लेट, आधा घंटा हवा में ही लटके रहे 40 यात्री Jalandhar News
आदमपुर एयरफोर्स स्टेशन पर वायु सैनिकों की ट्रेनिंग के कारण प्लेन को लैंड करने की अनुमति नहीं मिल पाई थी उसे करीब 35 मिनट तक हवा में चक्कर लगाने पड़े।
जालंधर, जेएनएन। लगता है दिल्ली से आदमपुर एयरपोर्ट की इकलौती फ्लाइट को किसी की नजर लग गई है। फ्लाइट रद होने और लेटलतीफी के बीच सोमवार को दिल्ली से आ रहे करीब 40 यात्री आधे घंटे तक हवा में लटक रहे। दरअसल, आदमपुर एयरफोर्स स्टेशन पर वायु सैनिकों की ट्रेनिंग के कारण प्लेन को लैंड करने की अनुमति नहीं मिल पाई थी। फ्लाइट का दिल्ली से उड़ने का समय 1.30 बजे है। यह फ्लाइट अपने निर्धारित समय पर यहां आ गई पर क्लीयरेंस न मिल पाने के कारण लैंडिंग नहीं हो सकी। करीब 35 मिनट बाद तीन बजे एयरफोर्स से हरी झंडी मिलने पर विमान को रनवे पर उतरने की इजाजत दी गई।
बता दे कि इस पूरे महीने दिल्ली-आदमपुर फ्लाइट अपने निर्धारित शेड्यूल के अनुसार नहीं उड़ पाई है। पिछले एक महीने में दो बार तो इसे रद किया जा चुका है। वहीं, फ्लाइट लगातार आधा घंटा से लेकर चार घंटे तक की देरी से आ रही है। सोमवार को दिल्ली से फ्लाइट ने अपने निर्धारित समय दोपहर 1.30 बजे टेक ऑफ किया। इसे दोपहर 2.25 बजे आदमपुर पर लैंड करना था लेकिन रनवे खाली नहीं होने के कारण करीब आधे घंटे तक विमान हवा में ही चक्कर काटता रहा। इसके बाद वापसी में करीब 60 यात्रियों को लेकर विमान दिल्ली को रवाना हुआ।
दिल्ली से आने वाले यात्रियों की संख्या घटी!
मौसम की मार और तकनीकी परेशानी के कारण लगातार दिल्ली-आदमपुर की इकलौती फ्लाइट पर बुरा असर पड़ रहा है। पिछले डेढ़ साल में सात बार फ्लाइट का समय बदला जा चुका है। लेटलतीफी और बदइंतजामी का खामियाजा एरलाइन को भी भुगतना पड़ रहा है। पहले जहां इसके 72 सीटर विमान में औसतन 60 यात्री सफर करते थे, वहीं अब इनकी संख्या घटकर 40 तक पहुंच गई।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
अब खबरों के साथ पायें जॉब अलर्ट, जोक्स, शायरी, रेडियो और अन्य सर्विस, डाउनलोड करें जागरण एप