दिल्ली-आदमपुर फ्लाइट फिर 47 मिनट लेट, नहीं रुक रहा यात्रियों के परेशान होने का सिलसिला
शुक्रवार को दिल्ली से आदमपुर के लिए स्पाइसजेट फ्लाइट 47 मिनट की देरी से उड़ान भर सकी। फ्लाइट का दिल्ली से आदमपुर के लिए उड़ान भरने का समय दोपहर 340 निर्धारित है लेकिन फ्लाइट ने शुक्रवार को 427 पर दिल्ली से टेकऑफ किया।
जालंधर, जेएनएन। दोआबा को दिल्ली से हवाई मार्ग से जोड़ने वाली एकमात्र फ्लाइट का देरी से संचालित होने का क्रम शुक्रवार को भी नहीं टूटा। शुक्रवार को दिल्ली से आदमपुर के लिए स्पाइसजेट फ्लाइट 47 मिनट की देरी से उड़ान भर सकी। फ्लाइट का दिल्ली से आदमपुर के लिए उड़ान भरने का समय दोपहर 3:40 निर्धारित है, लेकिन फ्लाइट ने शुक्रवार को 4:27 पर दिल्ली से टेकऑफ किया।
आदमपुर से फ्लाइट में देरी
दिल्ली से फ्लाइट के देरी से हो रहे आगमन के कारण अब आदमपुर से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली फ्लाइट में फिलहाल 40 मिनट की देरी बताई जा रही है। फ्लाइट का आदमपुर से दिल्ली के लिए उड़ान भरने का समय शाम 5:05 निर्धारित है, लेकिन फिलहाल फ्लाइट की रवानगी 5:45 बताई जा रही है। उड़ान लेट होने से अब दोआबा के यात्रियों का विश्वास फ्लाइट से उठता जा रहा है।
लाकडाउन के खत्म होने के बाद से यात्रियों की परेशानी जारी
बता दें कि लाकडाउन खत्म होने के बाद से आदमपुर सिविल एयरपोर्ट से आपरेट होने वाली स्पाइसजेट की जालंधर से दिल्ली फ्लाइट लगातार अनियमित है। किसी ना किसी कारण से कभी यह कैंसिल होती रहती है। इसकी लेटलतीफी पिछले कुछ समय से लगातार जारी है।
कैंसिलेशन होने पर यात्रियों को उठाना पड़ता है आठ रुपये तक का अतिरिक्त खर्च
पिछले दिनों सामने आया था कि जालंधर से दिल्ली की फ्लाइट कैंसिल होने के कारण यात्रियों को करीब आठ हजार रुपये का अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ता है। इसका कारण यह है कि यात्री तुरंत चंडीगढ़ या अमृतसर एयरपोर्ट का रुख करते हैं। इसके लिए उन्हें टैक्सी करनी पड़ती है जबकि वहां से विमान की टिकट अलग से बुक करवानी पड़ती है।