धर्मशाला सेक्टर बना जालंधर में फ्लाइट की देरी की वजह, दिल्ली से आने वाली उड़ान 30 मिनट लेट
स्पाइसजेट की धर्मशाला से दिल्ली की फ्लाइट अपने निर्धारित समय से लेट चल रही है। इसका असर दिल्ली-आदमपुर-दल्ली सेक्टर की फ्लाइट पर पड़ा है। फिलहाल दिल्ली-आदमपुर सेक्टर की फ्लाइट के संचालन में 30 मिनट की देरी बताई जा रही है
जालंधर, जेएनएन। एक बार फिर से दिल्ली-आदमपुर-दिल्ली सेक्टर की फ्लाइट लेट है। सोमवार को सप्ताह की शुरुआत में भी फ्लाइट संचालन में देरी के क्रम को नहीं तोड़ा जा सका। सोमवार को दिल्ली-आदमपुर-दिल्ली सेक्टर की फ्लाइट में देरी की वजह धर्मशाला-दिल्ली सेक्टर की फ्लाइट बनी है। बताया जा रहा है कि फ्लाइट नंबर एसजी 2771 (धर्मशाला-दिल्ली) अपने निर्धारित समय से लेट चल रही है, जिसका असर दिल्ली आदमपुर सेक्टर की फ्लाइट पर पड़ा है। फिलहाल दिल्ली-आदमपुर सेक्टर की फ्लाइट के संचालन में 30 मिनट की देरी बताई जा रही है, लेकिन खबर लिखे जाने तक फ्लाइट ने दिल्ली से आदमपुर के लिए टेकऑफ नहीं किया था।
यह भी पढ़ें - जालंधर के शाहकोट में FCI गोदाम पर सीबीआई का छापा, कागजात खंगालने में जुटी जांच टीम
दिल्ली आदमपुर फ्लाइट का दिल्ली से रवाना होने का समय 3:40 निर्धारित है और फ्लाइट के 4:10 पर उड़ान भरने की सूचना दी गई थी, लेकिन विमान ने 4:20 तक भी उड़ान नहीं भरी थी। इसी तरह से आदमपुर-दिल्ली फ्लाइट के संचालन समय में भी आधे घंटे की देरी बताई जा रही है आदमपुर से दिल्ली के लिए फ्लाइट के रवाना होने का समय शाम 5:05 निर्धारित है, लेकिन सूचना यह दी जा रही है कि विमान 5:35 पर उड़ान भरेगा। इससे पहले शनिवार को कानपुर-दिल्ली सेक्टर की फ्लाइट लेट होने की वजह से दिल्ली-आदमपुर फ्लाइट का संचालन देरी से हुआ था।
प्लाइट की लेटलतीफी से विश्वनीयता पर सवाल
स्पाइसजेट की इकलौती फ्लाइट जालंधर से दिल्ली के लिए रोजाना उड़ान भरती है। हालांकि आए दिन यह किसी ना किसी कारण से लेट होती है। इस कारण अब इसकी विश्वनीयता पर सवाल उठने लगे हैं। आदमपुर एयरपोर्ट पर लगभग हर दिन यात्रियों को परेशान होना पड़ता है। पिछले दिनों यह फ्लाइट कई बार कैंसिल भी हो चुकी है।