दिल्ली-जालंधर-दिल्ली उड़ान फिर कैंसिल, अनियमितता के कारण उठ रहा दोआबा के यात्रियों का विश्वास
वीरवार को मौसम की खराबी के चलते अन्य सेक्टरों में फ्लाइट का संचालन समय पर नहीं हो पाया। इस कारण विमान उपलब्ध नहीं हो सका। इसके बाद दिल्ली-आदमपुर-दिल्ली सेक्टर की स्पाइसजेट की फ्लाइट को कैंसिल कर दिया गया है।
जालंधर, जेएनएन। दोआबा के यात्रियों का अब दल्ली की इकलौती फ्लाइट से विश्वास उठने सा लगा है। एक महीने से लगातार देरी से संचालित हो रही दिल्ली-आदमपुर-दिल्ली सेक्टर की फ्लाइट वीरवार को कैंसिल कर देनी पड़ी है। इस कारण यात्रियों को एक बार फिर भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्राप्त जानकारी के मुताबिक वीरवार को मौसम की खराबी के चलते पिछले सेक्टरों में फ्लाइट का संचालन समय पर नहीं हो पाया है, जिसके बाद दिल्ली आदमपुर दिल्ली सेक्टर की फ्लाइट को कैंसिल कर देना पड़ा है।
इससे पहले भी इस सेक्टर की फ्लाइट देरी से संचालित होने की वजह अन्य सेक्टरों में होने वाली देरी ही बनी है। दिल्ली आदमपुर दिल्ली सेक्टर की फ्लाइट बाद दोपहर संचालित की जाती है और और तब तक पिछले सेक्टरों में हो चुकी देरी फ्लाइट को बुरी तरह से प्रभावित कर देती है। वजह यह है कि पिछले सेक्टरों में भी वही विमान संचालित किया जाता है, जिसे दिल्ली आदमपुर सेक्टर में संचालित किया जाता है।
यात्रियों को उठाना पड़ता है दोहरा खर्च
आदमपुर एयरपोर्ट से दिल्ली से इकलौती फ्लाइट का संचालन होता है। जालंधर के अलावा आसपास के शहरों कपूरथला, होशियारपुर और नवांशहर के लोग इसका फायदा उठाते हैं। यहां लंबे समय तक मांग उठाने के बाद हवाई सेवा शुरू की गई थी। अब इसके अनियमित होने के कारण लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। फ्लाइट कैंसिल होने पर यात्री चंडीगढ़ या अमृतसर से दिल्ली की फ्लाइट पकड़ते हैं। इसके लिए उन्हें तत्काल टैक्सी करनी पड़ती है। इसका किराया दो से तीन हजार रुपये के बीच बैठता है। चंडीगढ़ या अमृतसर से फ्लाइट की टिकट का किराया अलग खर्च है।