पंजाब के पूर्व मंत्री सेवा सिंह सेखवां AAP में शामिल, अरविंद केजरीवाल बोले- मिलेगी पार्टी के मिशन को मजबूती
शिअद (संयुक्त) के नेता व पूर्व मंत्री सेवा सिंह सिंह आज आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए हैं। उन्हें आप में शामिल कराने के लिए पार्टी प्रमुख व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल उनके गुरदासपुर स्थित गांव पहुंचे।
जागरण संवाददाता, गुरदासपुर। पूर्व मंत्री एवं शिअद (संयुक्त) के नेता सेवा सिंह सेखवां आम आदमी पार्टी में शामिल हो गए हैं। उन्हें पार्टी में शामिल करने के लिए दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल (Arvind Kejriwal) खुद उनके गांव पहुंच गए हैं। केजरीवाल ने कहा कि उन्हें राजनीति नहीं आती। पंजाब के विकास के लिए वह एक मिशन के तहत कर रहे हैं।
केजरीवाल ने कहा कि सेवा सिंह सेखवां के आप में शामिल होने से मिशन को मजबूती मिलेगी। आप प्रमुख ने कहा कि कश्मीर से लेकर कन्याकुमारी तक पूरा देश एक है। नवजोत सिंह सिद्धू के सलाहकारों के दिए बयानों पर केजरीवाल ने कहा कि पंजाब एक सीमावर्ती राज्य है। किसी को भी सोचसमझकर बयानबाजी करनी चाहिए। केजरीवाल ने कहा कि हमारा सपना है कि ऐसा पंजाब बनाया जाए जहां शांति हो, सबको अच्छी शिक्षा, स्वास्थ्य सुविधाएं व न्याय मिले। इस मौके पर उनके साथ पार्टी के पंजाब प्रधान भगवंत मान, नेता प्रतिपक्ष हरपाल चीमा, बीबी बलजिंदर कौर, कुंवर विजय प्रताप सिंह, राघव चढ्ढा आदि भी मौजूद थे।
सेखवां को पार्टी में शामिल करने के बाद पत्रकार वार्ता में केजरीवाल, भगवंत मान व सेखवां। जागरण
इससे पहले दोनों नेताओं के बीच बंद कमरे में बातचीत हुई। केजरीवाल दिल्ली से सीधे अमृतसर पहुंचे और वहां से सेवा सिंह सेखवां के गांव सेखवां पहुंचे।सेवा सिंह सेखवां अकाली-भाजपा सरकार में दो बार मंत्री रहे हैं। बाद में सेखवां ने अकाली दल छोड़ कर सुखदेव सिंह ढींडसा के साथ हाथ मिला लिया था। इन दिनों वह ढींडसा की पार्टी शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) से जुड़े हुए थे।
आम आदमी पार्टी का मानना है कि सेखवां के आप में आने से माझा में पार्टी को लाभ मिलेगा। क्योंकि माझा में आप कमजोर है। माझा में आम आदमी पार्टी को मजबूत चेहरों की जरूरत है। यह दूसरा मौका होगा जब केजरीवाल किसी नेता को पार्टी ज्वाइन करवाने के लिए पंजाब आ रहे हैं। इससे पहले केजरीवाल ने अमृतसर में पूर्व आइजी कुंवर विजय प्रताप सिंह को पार्टी ज्वाइन करवाने के लिए आए थे।
उल्लेखनीय है कि जत्थेदार सेखवां लीवर की बीमारी से पीड़ित थे, जिसके कारण उनका दिल्ली से इलाज हुआ है। अब वह स्वस्थ हैं। बताया जा रहा है कि दिल्ली में उनकी दो-तीन बार अरविंद केजरीवाल से मुलाकात हुई। वहीं उनके आप में शामिल होने की पटकथा लिखी गई। सेखवां राजनीति का एक बड़ा, प्रसिद्ध और अनुभवी चेहरा हैं, इसलिए केजरीवाल उन्हें आप में शामिल कराना चाहते थे।