कैप्टन अमरिंदर, सुनील जाखड़ व कैप्टन संदीप संधू के खिलाफ भी दर्ज हो केस : अरोड़ा
दीवान अमित अरोड़ा ने राज्यपाल वीपी सिंह बदनौर व डीजीपी दिनकर गुप्ता को एक फोटो ट्वीट की है जिसमें सीएम व प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष सुनील द्वारा नियमों का उल्लंघन हो रहा है।
जालंधर, जेएनएन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी शर्मा पर पर्चा दर्ज किए जाने पर पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता दीवान अमित अरोड़ा ने प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने पंजाब के राज्यपाल वीपी सिंह बदनौर व डीजीपी दिनकर गुप्ता को एक फोटो ट्वीट की है, जिसमें मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह, प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष सुनील जाखड़ व कैप्टन संदीप संधू द्वारा कोविड-19 के नियमों का उल्लंघन हो रहा है।
अरोड़ा ने राज्यपाल व डीजीपी को विवरण देते हुए लिखा कि एक तरफ पंजाब सरकार ने दुर्भावना दिखाते हुए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी शर्मा के ऊपर धारा 188 के तहत पर्चा दर्ज किया है, वहीं फोटो में दिखाई दे रहे 12 अगस्त को स्मार्टफोन वितरण के एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री, सुनील जाखड़ तथा कैप्टन संदीप संधू कानून की धज्जियां उड़ा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि कानून सबके लिए एक है तथा इन कांग्रेसी नेताओं के विरुद्ध भी केस दर्ज किया जाए।
अश्विनी शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज करना कांग्रेस की बौखलाहट : दीपक
शाहकोट । भारतीय जनता पार्टी राज्य कमेटी सदस्य एडवोकेट दीपक शर्मा मलसियां ने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज करना कांग्रेस की बौखलाहट का नतीजा है। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार साधु सिंह धर्मसोत के खिलाफ भाजपा के प्रदर्शन से बौखला गई है। उन्होंने कहा कि नकली शराब पीने के कारण सैकड़ों लोगों की मौत हो गई। इस पर भी भाजपा ने सभी हलकों में प्रदर्शन किया। इससे सरकार घबरा गई है और विरोधी पार्टियों के नेताओं के खिलाफ झूठे मामले दर्ज कर रही है।