संविधान चौक पर सड़क किनारे खून से लथपथ मिला शव, हत्या की आशंका
शुक्रवार सुबह संविधान चौक (बीएमसी चौक) के पास सड़क किनारे फुटपाथ पर एक व्यक्ति का शव मिला। हत्या की आशंका जताई जा रही है।
संवाद सहयोगी, जालंधर
शुक्रवार सुबह संविधान चौक (बीएमसी चौक) के पास सड़क किनारे फुटपाथ पर बने पत्थर के बेंच पर खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। करीब 50 वर्ष के लग रहे मृतक के सिर पर चोट के निशान थे। जिस बेंच पर उसका शव मिला, उस पर भी काफी खून लगा हुआ था। थाना चार, थाना बारादरी और थाना छह की पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में थाना छह का इलाका निकला तो पुलिस ने जांच शुरू की। काफी मशक्कत के बाद उसकी पहचान अनिल कुमार के रूप में हुई, जो दिहाड़ीदार था।
संविधान चौक पर कुछ लोगों का कहना था कि अनिल किसी के साथ बैठ शराब पी रहा था और बाद में दोनों में विवाद हो गया। इस पर दूसरे व्यक्ति ने लोहे से अनिल के सिर पर वार कर दिया और भाग गया। बाद में वहीं पर बैठने वाले बार्बर ने बताया कि व्यक्ति किशनपुरा में कहीं किराये पर रहता था, लेकिन आजकल वो बस स्टैंड फ्लाईओवर के नीचे ही सोता था। वह शराब पीने के लिए संविधान चौक के पास आकर बैठ जाता था। पुलिस जब उसकी पहचान करवाने के लिए किशनपुरा में उस घर में पहुंची, जहां पर वो किराये पर रहता था तो उसकी पहचान अनिल कुमार के रूप में हुई। एसीपी हरिदर सिंह ने बताया कि अनिल कुमार किराये पर भी अकेला ही रहता था। उसके मकान मालिक ने भी उसे इसी वजह से निकाला कि वो शराब के नशे में रहता था। सुबह से ही शराब पीने लगता था। उन्होंने बताया कि वीरवार रात को भी वो शराब के नशे में था और संविधान चौक पर बैठ गया। इस दौरान वह सड़क पार करने लगा तो वहां से निकल रही ट्रैक्टर ट्राली की चपेट में आ गया। वह किसी तरह किनारे बेंच पर आकर बैठ गया होगा, लेकिन धुंध के कारण किसी को दिखा नहीं होगा। इस दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि उसके सिर पर चोट जरूर है, लेकिन ऐसा नहीं लगता कि किसी ने वार किया हो। इसके चलते अज्ञात वाहन की चपेट में आने से मरने का मामला दर्ज कर लिया गया है। दो शादियां की थी, नशे के कारण छोड़ गई पत्नियां
अनिल कुमार की दो शादियां हो चुकी हैं, फिर भी वो अकेला ही रहता था। बताया जा रहा है कि उसकी दोनों पत्नियां उसकी नशे की आदत के चलते ही उसे छोड़ कर चली गई थी। उसके बच्चे भी हैं, लेकिन पत्नियां बच्चे भी साथ ही ले गई। उसके रिश्तेदार भी हैं, लेकिन किसी ने भी उसको लेकर कोई दिलचस्पी नहीं दिखाई।