Oxygen Crisis: पंजाब में BBMB Oxygen Plant होगा शुरू; हिमाचल और हरियाणा के संक्रमितों के लिए भी बनेगा सुरक्षा कवच
भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड (बीबीएमबी) की नंगल वर्कशाप में बंद पड़ा ऑक्सीजन प्लांट इस समय पंजाब के अलावा अन्य प्रांतों में ऑक्सीजन की कमी दूर कर सकता है। यह प्लांट पिछले 10 वर्षों से बंद पड़ा था। डीसी रुपनगर ने इसे शुरू करने के आदेश दिए हैं।
नंगल [सुभाष शर्मा]। पंजाब में भी कोरोना वायरस संक्रमण के बढ़ते प्रकोप के बीच संक्रमितों के इलाज के लिए ऑक्सीजन आपूर्ति सुनिश्चित करना बड़ी चुनौती बन गया है। भाखड़ा ब्यास मैनेजमेंट बोर्ड (बीबीएमबी) की नंगल वर्कशाप में बंद पड़ा ऑक्सीजन प्लांट इस समय पंजाब के अलावा अन्य प्रांतों में ऑक्सीजन की कमी दूर कर सकता है। यह प्लांट पिछले 10 वर्षों से बंद पड़ा था। मंगलवार को डीसी रूपनगर सोनाली गिरी ने बीबीएमबी ऑक्सीजन प्लांट दोबारा शुरू करने के निर्देश दिए। डीसी ने कहा कि बीबीएमबी की नंगल वाली वर्कशाप में बंद पड़े ऑक्सीजन प्लांट को चालू किए जाने से ऑक्सीजन की कमी काफी हद तक दूर की जा सकती है।
आक्सीजन के उत्पादन की उम्मीद: कंबोज
भाखड़ा बांध के डिप्टी चीफ इंजीनियर एचएल कंबोज ने बताया कि मौजूदा हालात के मद्देनजर भाखड़ा ब्यास प्रबंध बोर्ड ने ऑक्सीजन प्लांट को चालू करने की कोशिश की है। बोर्ड के अध्यक्ष संजय श्रीवास्तव तथा बांध के चीफ इंजीनियर कमलजीत सिंह के दिशानिर्देशों से जारी प्रयासों से यह उम्मीद है कि प्लांट जल्द आक्सीजन का उत्पादन शुरू करेगा। प्लांट को चलाने के प्रयास शुरू कर दिए गए हैं।
7 क्विंटल ऑक्सीजन तैयार करने की क्षमता
भाखड़ा बांध के निर्माण समय जहां अन्य प्रकार की मशीनरी विदेशों से आई थी, वहीं आक्सीजन का प्लांट भी अमेरिका से मंगवाया गया था। इस प्लांट की यह खासियत है कि यह ऑक्सीजन बनाने के बाद सिलेंडरों में भरे जाने के लिए ऑक्सीजन को लिक्विड बनाने की भी क्षमता रखता है। इस प्लांट की उत्पादन क्षमता प्रतिदिन 100 सिलेंडर है यानी 7 क्विंटल ऑक्सीजन तैयार करने की है। इससे पंजाब, हिमाचल, हरियाणा की बड़ी जरूरत को पूरा किया जा सकता है।
दस साल से पड़ा था बंद
भाखड़ा बांध के निर्माण समय से स्थापित ऑक्सीजन प्लांट से तैयार होने वाली ऑक्सीजन पंजाब के अलावा हरियाणा आदि राज्यों सप्लाई की जाती थी। कर्मचारियों की कमी और नई डिजिटल तकनीक आ जाने के बाद इस प्लांट को बंद कर दिया गया था। वर्ष 2011 से यह प्लांट बंद पड़ा है। जब यह प्लांट बंद हुआ था तब यह 50 फीसद क्षमता पर काम कर रहा था।