दैनिक जागरण व उम्मीद की नई राह ने सिविल अस्पताल में भेंट की व्हीलचेयर Jalandhar News
दैनिक जागरण पंजाबी जागरण तथा स्वयंसेवी संस्था उम्मीद की नई राह एसोसिएशन की ओर से सिविल अस्पताल के इमरजेंसी में आने वाले दिव्यागों के लिए व्हीलचेयर भेंट की।
जालंधर, जेएनएन। दैनिक जागरण की ओर से चलाई जा रही मुहिम चलती रहे जिंदगी रंग लाने लगी है। स्वयंसेवी संस्थाएं सार्वजिनक स्थलों पर व्हील चेयर मुहैया करवाने के लिए दैनिक जागरण के साथ कदम मिलाने लगी हैं।
इसी के तहत वीरवार को दैनिक जागरण, पंजाबी जागरण तथा स्वयं सेवी संस्था उम्मीद की नई राह एसोसिएशन की ओर से सिविल अस्पताल के इमरजेंसी में आने वाले घायलों, बुजुर्गों तथा दिव्यागों की सुविधा के लिए व्हीलचेयर भेंट की गई।
पंजाबी जागरण के संपादक वरिंदर सिंह वालिया तथा दैनिक जागरण के पंजाब के महाप्रबंधक नीरज शर्मा तथा उम्मीद की नई राह एसोसिएशन की पदाधिकारी मोनिका शर्मा, सुषमा शर्मा, सिमरन तथा अंजू ने सिविल अस्पताल के कार्यकारी मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. चन्नजीव सिंह तथा एसएमओ डॉ. कश्मीरी लाल को सौंपी। सिविल अस्पताल के कार्यकारी मेडिकल सुपरिंटेंडेंट डॉ. चन्नजीव सिंह ने दैनिक जागरण और पंजाबी जागरण परिवार के सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
उन्होंने संस्था के पदाधिकारियों को सिविल अस्पताल में आने वाले मरीजों के साथ मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनने व समाधान करने में अस्पताल प्रशासन का सहयोग करने की बात कही। उन्होंने व्हीलचेयर को इमरजेंसी वार्ड के डा. राज कुमार बद्धन तथा नर्सिंग स्टाफ को सौंप कर अस्पताल के स्टाक रजिस्टर में दर्ज करने की हिदायतें दी।
पिछले चार साल से टांगों की समस्या से जूझ रहा हूं। सिविल अस्पताल में छह माह से इलाज करवा रहा हूं। पहले कभी व्हीलचेयर नहीं मिली। वीरवार को रिक्शा वाले ने गेट के बाहर उतार दिया और मुश्किल से ओपीडी कांपलेक्स तक पहुंचा। जागरण की टीम ने व्हीलचेयर पर बिठा कर ओपीडी में छोड़ा। - सुशील कुमार, मोहल्ला गोबिंदगढ़
तीन दिन से बुखार, दस्त और उलटी से परेशान थी। निजी डाक्टर से इलाज करवाया, ठीक न होने पर वीरवार को सिविल अस्पताल आना पड़ा। गेट तक ऑटो रिक्शा में आए। इसके बाद मशक्कत कर ओपीडी कांप्लेक्स की ओर जा रहे थे। जागरण की टीम ने व्हील चेयर की सुविधा देकर मुझे ओपीडी तक पहुंचाया। सत्य देवी, गांधी कैंप