कूड़े का डंप हटवाने के लिए धरने पर बैठे पार्षद बलराज ठाकुर, विधायक परगट ने कही मेयर को हटाने की बात Jalandhar News
पार्षद बलराज ठाकुर ने कहा कि श्मशानघाट के बाहर से डंप को पक्के तौर पर खत्म करके वहां ग्रीन बेल्ट विकसित करने की मांग की है।
जालंधर, जेएनएन। मॉडल टाउन में श्मशानघाट के बाहर बने डंप का मामला एक बार फिर सुर्खियों में है। इसे लेकर पिछले दिनों नगर निगम प्रशासन को चेतावनी देने वाले पार्षद बलराज ठाकुर ने डंप को हटवाने के लिए धरना शुरू कर दिया है। उनका साथ देने जालंधर कैंट के विधायक परगट सिंह भी पहुंचे हैं। उन्होंने मेयर जगदीश राजा को बदलने के लिए बाकी विधायकों को साथ आने की बात कही है। धरने में महिला कांग्रेस की अध्यक्ष और पार्षद डॉ. जसलीन सेठी, पार्षद हरशरण कौर हैप्पी भी मौजूद रहे।
मॉडल टाउन में श्मशानघाट के बाहर डंप को लेकर दिए गए धरने में बैठे निगम कमिश्नर दीपर्वा लाकड़ा।
इसी बीच सूचना पाकर मौके पर पहुंचे नगर निगम कमिश्नर दीपर्वा लाकड़ा ने पार्षदों से धरना समाप्त करने की अपील की। इस पर पार्षद बलराज ठाकुर ने कहा कि श्मशानघाट के बाहर से डंप को पक्के तौर पर खत्म किया जाए और यहां ग्रीन बेल्ट विकसित की जाए। जवाब में नगर निगम कमिश्नर ने कहा कि उनकी कोशिश यही है कि शहर में एक एक भी डंप ना रहे। उन्होंने कहा कि इस जगह पर 11 वार्डों का कूड़ा आ रहा है, इसलिए कोशिश की जा रही है कि डिसेंट्रलाइज सिस्टम से कूड़े का डंप खत्म किया कर दिया जाए।
परगट बोले- मेयर राजा लीडरशिप नहीं दे पाए
इस मौके पर विधायक परगट सिंह ने कहा है कि मेयर की जगह अब कमिश्नर को ही मोर्चा संभालना पड़ेगा। मेयर जगदीश राज राजा लीडरशिप नहीं दे पाए हैं। इसी कारण सिस्टम खराब हुआ है। उन्होंने कहा कि वह पार्टी और मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को यह बात बता चुके हैं। अब मेयर जगदीश राजा को बदलने के लिए बाकी विधायकों को भी साथ आना होगा।
मेयर के खिलाफ मोर्चा खोल चुके हैं बलराज ठाकुर
डंप के मामले को लेकर पार्षद बलराज ठाकुर ने पिछले दिनों मेयर जगदीश राजा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया था। पार्षद जगदीश समराए भी मेयर के खिलाफ बोल चुके हैं। बलराज ठाकुर ही वह पार्षद हैं जिन्होंने करीब डेढ़ साल पहले निगम चुनाव के बाद जगदीश राजा का नाम मेयर पद के लिए प्रस्तावित किया था। यहीं नहीं, विधायक परगट सिंह भी मुख्यमंत्री के सामने मेयर की कारगुजारी का विरोधर उन्हें हटाने की बात कह चुके हैं।