बिना बिल दिए कोरोना पॉजिटिव मरीज जोशी अस्पताल से परिवार सहित फरार
जोशी अस्पताल का सुपरवाइजर वीरवार रात को जब मरीजों की चेकिंग कर रहा था तो देखा कि रात दस बजे तक फगवाड़ा का राजन पाल अपने बेड पर मौजूद नहीं था।
जालंधर, जेएनएन। जोशी अस्पताल में एक कोरोना पॉजिटिव मरीज बिना बिल दिए फरार हो गया। इसका पता तब चला, जब अस्पताल के सुपरवाइजर ने वहां भर्ती कोरोना मरीजों की जांच की। फरार मरीज फगवाड़ा स्थित सतनामपुरा का रहने वाला है। पुलिस ने अस्पताल सुपरवाइजर की शिकायत पर मरीज के खिलाफ कोरोना नियमों व जिला मजिस्ट्रेट के आदेश के उल्लंघन का केस दर्ज कर लिया है।
रामा मंडी के ओल्ड जोगिंदर नगर निवासी तीर्थ सिंह ने बताया कि वह कपूरथला चौक के पास स्थित जोशी अस्पताल में सुपरवाइजर हैं। वीरवार को उनकी ड्यूटी रात आठ बजे से सुबह आठ बजे तक थी। अस्पताल में फगवाड़ा का राजन पाल दाखिल है, जो कोरोना पॉजिटिव है। वीरवार को वह मरीजों की चेकिंग कर रहे थे तो देखा रात दस बजे तक वह अपने बेड पर मौजूद नहीं था। उसने मरीज को अस्पताल व अस्पताल के बाहर ढूंढा लेकिन वो नहीं मिला।
अस्पताल में उसका पारिवारिक सदस्य भी मौजूद नहीं था। तीर्थ ने आरोप लगाया कि मरीज व उसके परिवार के सदस्यों ने अस्पताल का बिल नहीं दिया और अपनी मर्जी से भाग गया। उन्होंने मरीज के फोन नंबर पर भी कॉल भी की, लेकिन वह स्विच ऑफ आ रहा है। जिसके बाद उन्होंने पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने उक्त मरीज के खिलाफ केस दर्ज करके आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।