जालंधर में कृषि सुधार कानूनों के खिलाफ कांग्रेस भवन में दो घंटे तक कांग्रेसियों ने दिया धरना
मंगल भवन में सांसद चौधरी संतोख सिंह विधायक राजेंद्र बेरी विधायक बावा हेनरी सुखविंदर सिंह लाली सुशील कालिया ऋषिकेश वर्मा जिला कांग्रेस महिला विंग की प्रधान व पार्षद जसलीन सेठी व डायरेक्टर कमलजीत कौर मुल्तानी समेत कई नेता मौजूद थे।
जालंधर, जेएनएन। केंद्र सरकार द्वारा पास किए गए कृषि सुधार कानूनों के खिलाफ जिला कांग्रेस ने किसानों के हक में सत्याग्रह शुरू किया है। इसके तहत कांग्रेस भवन में दो घंटे तक सांसद, विधायक, पार्षद और पार्टी कार्यकर्ताओं ने शांतमय तरीके से प्रदर्शन किया। पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने सभी जिलों के वर्करों को किसानों के हक के लिए दो घंटे का सत्याग्रह करने के निर्देश दिए थे।
मंगल भवन में सांसद चौधरी संतोख सिंह, विधायक राजेंद्र बेरी, विधायक बावा हेनरी, सुखविंदर सिंह लाली, सुशील कालिया, ऋषिकेश वर्मा, जिला कांग्रेस महिला विंग की प्रधान व पार्षद जसलीन सेठी व डायरेक्टर कमलजीत कौर मुल्तानी समेत कई नेता मौजूद थे। इस मौके पर सांसद चौधरी, अशोक सिंह, विधायक राजेंद्र बेरी और विधायक हेनरी ने कहा कि केंद्र सरकार की किसान विरोधी नीतियां देश को बर्बादी की तरफ लेकर जाएंगी।
उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार पूरी तरह से किसानों के साथ है और हर मोर्चे पर केंद्र सरकार का विरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब विधानसभा में केंद्र सरकार के कृषि सुधार कानूनों के खिलाफ जो बिल पास किए गए हैं, उससे स्पष्ट है कि पंजाब सरकार किसानों के हक में हर स्टैंड लेने के लिए तैयार है।