कांग्रेस नेता के घर रेड, कैंट के पार्षद समेत छह जुआ खेलते गिरफ्तार
निजात्म नगर में एक कांग्रेस नेता के पुश्तैनी घर पर रेड कर पांच जुआरियों को गिरफ्तार किया है।
संवाद सहयोगी, जालंधर : थाना डिवीजन नंबर पांच की पुलिस ने निजात्म नगर में एक कांग्रेस नेता के पुश्तैनी घर पर रेड करके जालंधर कैंट के पार्षद समेत छह जुआरियों को गिरफ्तार किया। आरोपितों से 2,75,250 रुपये की राशि बरामद हुई। कांग्रेस नेता ने यह मकान किराए पर दिया हुआ था और किराएदार अंदर जुआ खिलाने लग पड़ा था। पकड़े गए आरोपितों की पहचान बस्ती नौ निवासी समिदर सिंह, जालंधर कैंट के पार्षद संजीव कुमार, निजात्म नगर निवासी विशाल महाजन, गोपाल नगर निवासी हरिदर सिंह, न्यू सुराजगंज निवासी अश्विनी कुमार और शास्त्री नगर निवासी करण अग्रवाल के रूप में हुई है। थाना प्रभारी रविदर कुमार ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि निजात्म नगर में जुआ खेला जा रहा है। वह मौके पर पहुंचे तो देखा दरवाजा अंदर से बंद है। पुलिस कर्मी दीवारें फांदकर अंदर घुसे और जुआ खेल रहे लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए जुआरियों को छुड़वाने के लिए देर शाम तक कई नेताओं की भीड़ जुटी रही लेकिन पुलिस ने सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।