No More Dragon Dor: चाइनीज डोर से कटा दो लोगों का गला, अवैध बिक्री में 25 गिरफ्तार
तरनतारन में बाइक पर जा रहे हरमीत के गले में चाइनीज डोर फंस गई। इससे उनका गला बुरी तरह कट गया। उनकी गर्दन पर 15 टांके लगे हैं।
जेएनएन, जालंधर : पुलिस की सख्ती के बावजूद लोहड़ी के दिन तरनतारन व पठानकोट में चाइनीज डोर से दो लोगों का गला कट गया। लहूलुहान हालत में दोनों को अस्पतालों में भर्ती करवाया गया। इसके अलावा सोमवार को भी पुलिस ने अलग-अलग जगहों से 25 लोगों को गिरफ्तार कर चाइनीज डोर के 219 गट्टू बरामद किए हैं।
तरनतारन के गांव दोबुर्जी निवासी दर्शन सिंह का बेटा हरमीत सिंह (27) सोमवार को बाइक पर नौशहरा पन्नूआं जा रहा था। जम्मू-कश्मीर-राजस्थान राष्ट्रीय मार्ग स्थित गांव अलादीनपुर के फ्लाइओवर से गुजरते समय हरमीत की गर्दन में चाइनीज डोर फंस गई। उसने तुरंत बाइक रोकी, लेकिन तब तक चाइनीज डोर उसकी गर्दन बुरी तरह से काट चुकी थी। उसकी गर्दन पर 15 टांके लगे। डॉक्टरों का कहना है कि सांस की नली कट जाती तो उसकी जान भी जा सकती थी। वहीं लोहड़ी का सामान लेकर स्कूटी पर घर लौट रहे यंगस्टर्स क्लब पठानकोट के चेयरमैन दीपक पंडित चाइनीज डोर की चपेट में आने से घायल हो गए। वह स्कूटी से पठानकोट के ढांगू रोड हिमालया बेकरी के पास पहुंचे, तभी एक चाइनीज डोर उसके गले में फंस गई। उनका गला कट गया।
उधर, लुधियाना पुलिस ने लगातार चौथे दिन प्रतिबंधित डोर बेचने वाले छह दुकानदारों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से चाइनीज डोर के 38 गट्टू और 4720 रुपये बरामद किए। गुरदासपुर में एक व्यक्ति को 20 गट्टू चाइनीज डोर सहित गिरफ्तार किया गया। वहीं अमृतसर के विभिन्न थानों की पुलिस ने 17 लोगों को गिरफ्तार कर चाइनीज डोर के 153 गट्टू बरामद किए हैं। वहीं खन्ना में पुलिस ने एक व्यक्ति से आठ गट्टू बरामद किए।