तरनतारन में 15 किलो अफीम समेत पकड़े तस्कर को 6.68 लाख लेकर छोड़ा, चौकी इंचार्ज खिलाफ केस
तरनतारन में रिश्वत लेने के आरोप में पुलिस चौकी टाउन इंचार्ज को पुलिस ने नामजद किया है। एएसआइ ने 15 किलो अफीम तस्कर को पकड़कर रिश्वत लेकर छोड़ दिया था। पुलिस ने एएसआइ को हिरासत में ले लिया है।
तरनतारन [धर्मवीर सिंह मल्हार]। नशे खिलाफ चलाए आभियान में खाकी को दागदार करने वाले पुलिस चौकी टाउन इंचार्ज एएसआइ हरपाल सिंह को पुलिस ने नामजद किया है। आरोप है कि उसने करीब बीस दिन पहले दया सिंह नामक तस्कर को 15 किलो अफीम सहित पकड़कर 6.68 लाख की रिश्वत लेकर छोड़ दिया था। डीएसपी बरजिंदर सिंह ने इस मामले की जांच करके बकायदा एएसआई हरपाल सिंह को हिरासत में ले लिया है।
पुलिस चौकी टाउन के इंचार्ज एएसआई हरपाल सिंह को सूचना मिली थी कि खेमकरण हलके के गांव अलगो कोठी निवासी तस्कर दया सिंह राजस्थान से अफीम लाकर बेचता है। जिसके बाद एएसआइ हरपाल सिंह ने आरोपित को 15 किलो अफीम सहित पकड़कर मामला दर्ज करने की कार्रवाई शुरू की। तस्कर दया सिंह ने बिचोले के माध्यम से एएसआइ हरपाल सिंह को पैसे देने की बात कही। एएसआई ने दस लाख की राशी मांगी। सौदा साढे़ छह लाख में हुआ जबकि 18 हजार की राशी गाड़ी में पेट्रोल डलवाने के नाम पर लेकर तड़कर दया सिंह को अफीम समेत छोड़ दिया गया।
डीएसपी बरजिंदर सिंह ने बताया कि चार दिन पहले 21 किलो अफीम समेत पकड़े दो तस्करों रंजीत सिंह उर्फ राणा, जसपाल सिंह उर्फ जस्सी को 40 लाख की रिश्वत लेकर छोड़ने वाले चार पुलिस कर्मियों के खिलाफ केस दर्ज करके जब जांच शुरु की तो सामने आया कि गांव अल्गो कोठी निवासी तस्कर दया सिंह को चौकी टाउन इंचार्ज ने 15 किलो अफीम समेत छोड़ दिया था। डीएसपी बरजिंदर सिंह ने बताया कि सिटी पुलिस थाने में एएसआइ हरपाल सिंह और तस्कर दया सिंह खिलाफ मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है। एएसआई हरपाल सिंह को वीरवार सुबह हिरासत में लेकर पूछताश की जा रही है।