विवाहिता को आत्महत्या के लिए उकसाने वाले पति और ससुराल वालों के खिलाफ मामला दर्ज
गांधी कैंप में रहने वाली विवाहिता को आत्महत्या के लिए उकसाने वाले पति व ससुरालियों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
संवाद सहयोगी, जालंधर
गांधी कैंप में रहने वाली विवाहिता को आत्महत्या के लिए उकसाने वाले पति और ससुराल वालों के खिलाफ थाना बस्ती बावा खेल की पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में लुधियाना निवासी राजरानी पत्नी काला राम ने बताया कि उसकी बेटी प्रवीण रानी की शादी 2018 में गांधी कैंप निवासी सागर के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही उसके ससुराल वाले उसे परेशान करने लगे थे। इस बीच उनकी बेटी ने बच्चे को जन्म दिया, लेकिन फिर भी उसका पति और ससुराल वाले उसे परेशान करते थे। सात अप्रैल को उनकी बेटी का फोन आया कि उसके ससुराल वाले उसे पीट रहे हैं। वो उसे जान से मार देना चाहते हैं। फोन पर लड़ाई झगड़े की आवाजें आ रही थी। कुछ देर बाद उसका फोन बंद हो गया। बाद में उनकी दूसरी बेटी, जो नीला महल में रहती है, का फोन आया कि प्रवीण ने फंदा लगा कर आत्महत्या कर ली है। आरोप था कि उनकी बेटी को जान से मार कर फंदे से लटकाया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर सागर, मृतका की सास दर्शना, ननद रितु, रिश्तेदार आशु, दविदर चड्ढा सहित अन्य रिश्तेदारों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपितों की तलाश कर रही है।