सावधान! सोने की ईट का लालच ले सकता है आपकी जान
भोले भाले लोगों को ठगने के लिए ठग तरह-तरह के हथकंडे अपनाते हैं। इनमें लाटरी निकलना टीवी शो में शामिल होना मोबाइल कंपनियों से पैसे मिलना या बैंक कर्मी बनकर खातों की डिटेल लेना आदि शामिल है। वहीं अब प्रदेश में एक ऐसा गिरोह सक्रिय हुआ है जो सोने की ईट देने का लालच देकर लोगों को अपने जाल में फंसा रहा है।
सुक्रांत, जालंधर : भोले भाले लोगों को ठगने के लिए ठग तरह-तरह के हथकंडे अपनाते हैं। इनमें लाटरी निकलना, टीवी शो में शामिल होना, मोबाइल कंपनियों से पैसे मिलना या बैंक कर्मी बनकर खातों की डिटेल लेना आदि शामिल है। वहीं अब प्रदेश में एक ऐसा गिरोह सक्रिय हुआ है जो सोने की ईट देने का लालच देकर लोगों को अपने जाल में फंसा रहा है। यह गिरोह सोने की ईंट देने के लिए पंजाब से बाहर दूसरे राज्यों में लोगों को बुला कर अपहरण कर फिरौती मांगने जैसा काम कर सकता है या फिर नकली सोने की ईंट देकर ठगी कर सकता है।
जालंधर के कैंट में रहने वाले अश्विनी मल्होत्रा को ऐसा ही एक फोन आया। फोन करने वाले ने अपना नाम आसाम का रहने वाला रौकी बताया। उसका कहना था कि वह पहाड़ तोड़ कर पत्थर उठाने वाली जेसीबी पर काम करता है। उसको वहां से सोने की ईंट मिली है। जो वह चोरी कर ले आया है। इसे वह बेचना चाहता है। अश्विनी ने जब यह पूछा कि उसके पास उनका नंबर कहां से आया तो उसने बताया कि उसको सपने में किसी ने बताया था। अश्विनी ने उसे पंजाब आकर सोने की ईट बेचने को कहा। इस पर उसने कहा कि वह गरीब है। पंजाब नहीं आ सकता। गुवाहाटी आ जाओ। यहां सोने की परख करवा देंगे। सही लगे तो सोना ले जाएं। इसके बाद उसने सोने की ईंट की फोटो भी भेजी। अश्विनी से उसने काम के बारे में पूछा जोकि उन्होंने नहीं बताया। ऐसे में यदि कोई व्यक्ति पैसा लेकर दूसरे राज्य चला गया तो उसके पैसे के लिए उसकी जान भी जा सकती है और बिना पैसे के गया तो उसका अपहरण कर फिरौती भी मांगी जा सकती है। सेंट्रल टाउन के व्यापारी को 2008 में ठगा था
2008 में सेंट्रल टाउन में रहने वाले एक व्यापारी को सोने की नकली ईंट देकर ठगा गया था लेकिन उसके बाद से यह गिरोह पंजाब के बाहर दूसरे राज्यों में सक्रिय हो गया था। गिरोह के सदस्य पकड़े गए थे। कुछ देर के लिए गिरोह के कारनामे कम हुए थे लेकिन अब यह फिर से सक्रिय हो गया है। ----
जून में मथुरा में पकड़ा गया था सोना ठग गिरोह
करीब चार महीने पहले 19 जून को उत्तर प्रदेश के मथुरा में सोने की ईंट बता कर नकली सोना बेचने वाले गिरोह को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। पुलिस ने उनके कब्जे से दो नकली सोने के ईंट और चार मोबाइल बरामद किए थे। राजस्थान पुलिस ने भी जून 2018 में ऐसे ही गिरोह का पर्दाफाश कर तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया था। आरोपितों ने बताया था कि उन्होंने कई लोगों को नकली सोने की ईंट देकर ठगा है। लोग ठग गिरोह से सतर्क रहें : डीएसपी
हमारी जानकारी में यह आया है। साइबर क्राइम टीम पूरी तरह से चौकन्नी है। लोगों को भी चाहिए ऐसे फोन न सुनें और ठगी से बचें। यदि किसी को भी ऐसी कॉल आती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
गुरमीत सिंह, डीसीपी