केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने किया महिला साइंस कांग्रेस का शुभारंभ, महिलाओं को दी ये सलाह
जालंधर में नेशनल साइंस कांग्रेस में पहुंची केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने रिसर्च एडं डवलपमेंट में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए महिलाओं का आह्वान किया है।
जेएनएन, जालंधर। केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने शनिवार को लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी में नेशनल साइंस कांग्रेस के तीसरे दिन वूमेन साइंस कांग्रेस का उद्घाटन किया। इस दौरान स्मृति ने कहा साइंस ने महिलाओं के लिए लैंगिक समानता के रास्ते खोल दिए हैं। उन्होंने कहा यह चिंता की बात है महिलाओं के लिए साइंस में सारे रास्ते खुले होने के बावजूद उनकी दिलचस्पी इसमें उतनी नहीं है जितनी होनी चाहिए।
स्मृति ने कहा कि रिसर्च एंड डेवलपमेंट में सिर्फ 14 फीसद महिलाएं ही इस समय देश में काम कर रही हैं। महिलाओं को इस दिशा में आगे आना चाहिए। उन्होंने मंच से एक नई घोषणा की कि आने वाले समय में 64 टीचिंग एवं एग्जामिनेशन ऑनलाइन होंगे। स्मृति ईरानी ने कहा कि मैं यहां पर कपड़ा मंत्री के रूप में नहीं आई हैं बल्कि महिला मंत्री के रूप में मौजूद हूं। मैं महिलाओं की प्रतिनिधि हूं और उनके उत्थान के लिए हरसंभव कोशिश करती रहूंगी। इससे पहले इस मौके पर यूनिवर्सिटी के कुलपति अशोक मित्तल ने उन्हें शॉल पहनाकर सम्मानित किया।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्वेत मलिक ने नेशनल साइंस कांग्रेस में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल में शिक्षा क्षेत्र में क्रांति आई है। कार्यक्रम में केंद्रीय दूर संचार मंत्री रविशंकर प्रसाद ने भी संबोधित किया।
बता दे कि यहां फगवाड़ा रोड स्थित लवली प्रोफेशनल यनिवर्सिटी में भारतीय विज्ञान कांग्रेस का उद्घाटन दो दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया था। यहां दुनिया के 60 देशों से करीब बीस हजार वैज्ञानिक विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में हो रही नए शोध-अनुसंधान पर विचार-विमर्श करने पहुंचे हैं।