सात से प्रदेश भर में बसों का चक्का जाम
सरकारी कार्यालयों के बाद अब सरकारी परिवहन सेवाएं भी लोगों की परेशानी का सबब बन सकती हैं।
जागरण संवाददाता, जालंधर
सरकारी कार्यालयों के बाद अब सरकारी परिवहन सेवाएं भी लोगों की परेशानी का सबब बन सकती हैं। आगामी सात दिसंबर से प्रदेश भर में सरकारी बसों का चक्का जाम करने की घोषणा कर दी गई है। पंजाब रोडवेज, पनबस एवं पीआरटीसी कांट्रैक्ट वर्कर्स यूनियन की तरफ से सरकार से खफा होकर उक्त घोषणा की गई है।
परिवहन मंत्री अमरिंदर सिंह राजा वड़िग की तरफ से यूनियन के साथ हुई बैठक के दौरान आश्वासन दिया गया था कि कैबिनेट बैठक के दौरान कांट्रैक्ट मुलाजिमों को रेगुलर करने संबंधी घोषणा कर दी जाएगी। बुधवार को बैठक हुई, लेकिन कांट्रैक्ट वर्कर्स को रेगुलर करने संबंधी कोई घोषणा नहीं हुई। पंजाब रोडवेज जालंधर-1 के यूनियन पदाधिकारी गुरप्रीत सिंह ने कहा कि इससे पहले शुक्रवार को सुबह 10 बजे से लेकर 12 बजे तक महानगर का शहीद ए आजम भगत सिंह इंटरस्टेट बस टर्मिनल भी बंद रखा जाएगा। इस समय पनबस और पीआरटीसी में सात हजार से ज्यादा कांट्रैक्ट मुलाजिम हैं, जो रेगुलर किए जाने की मांग कर रहे हैं। परिवहन मंत्री की तरफ से कांट्रैक्ट मुलाजिमों को पनबस और पीआरटीसी में रेगुलर करने की घोषणा की गई थी।