सुरक्षा में चूक के विरोध में भाजयुमो ने निकाला मशाल मार्च
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सुरक्षा में हुई चूक को लेकर गुस्साए भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कंपनी बाग चौक में मशाल यात्रा निकालकर पंजाब सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई।
जागरण संवाददाता, जालंधर : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सुरक्षा में हुई चूक को लेकर गुस्साए भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कंपनी बाग चौक में मशाल यात्रा निकालकर पंजाब सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई। भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और कहा कि राजनीतिक रंजिश के चलते प्रधानमंत्री की सुरक्षा को लेकर साजिश की गई है और यह किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगा। मशाल मार्च में जिला भाजपा अध्यक्ष सुशील शर्मा, रोबिन सांपला, पंकज जुल्का, अशोक सरीन, पार्षद शैली खन्ना, किशनलाल शर्मा समेत बड़ी गिनती में कार्यकर्ता शामिल हुए। सुशील शर्मा ने कहा कि लोकतंत्र में ऐसी घटना पहले कभी नहीं देखी है। पंजाब सरकार और पंजाब पुलिस ने प्रधानमंत्री की सुरक्षा के साथ जो किया है वह इतिहास में काले अक्षरों से लिखा जाएगा। भाजयुमो के उपप्रधान व जोनल प्रभारी अशोक सरीन हिक्की ने सुरक्षा में चूक के लिए कांग्रस को जिम्मेवार बताते हुए कहा की कांग्रेस की सोच और विचारधारा हमेशा से ही ऐसी ही रही है और इसी वजह से देश ने कई मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री खोए हैं। इस सोच पर काम करते हुए रास्ते प्रधानमंत्री का रूट लीक किया गया।
----------
भाजपा आज देगी डीसी दफ्तर के सामने धरना
जिला भाजपा सात जनवरी को जालंधर डीसी कार्यालय के बाहर धरना देगी। जिला भाजपा प्रधान सुशील शर्मा ने कहा कि डिप्टी कमिश्नर कार्यालय के सामने पुडा कंपलेक्स ग्राउंड में सुबह 11 बजे धरना लगाया जाएगा। सुशील शर्मा ने कहा कि इस धरने में भारतीय जनता पार्टी जिला जालंधर के सभी प्रदेश पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, मंडलों के अध्यक्ष और उनकी टीम, मोर्चा एवं प्रकोष्ठ के अध्यक्ष शामिल होंगे। पंजाब सरकार की नाकामी के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करते हुए मुख्यमंत्री चन्नी के इस्तीफे की मांग की जाएगी।