Punjab Election 2022: राहुल गांधी के दौरे से पहले भाजपा का काउंटर अटैक, पार्टी में शामिल होंगे कई कांग्रेस नेता
Punjab Election News भारतीय जनता पार्टी राहुल गांधी के दौरे को देख नए सियासी समीकरण बनाने के प्रयास में जुट गई है। इसके लिए भाजपा के पंजाब चुनाव प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत अपनी टीम के साथ जालंधर पहुंच चुके हैं। शाम तक कई कांग्रेस नेता भाजपा में दिख सकते हैं।
जागरण संवाददाता, जालंधर। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी वीरवार से पंजाब में पार्टी की चुनाव प्रचार मुहिम आरंभ कर रहे हैं। कांग्रेस की तैयारी देख अब भाजपा ने काउंटर अटैक की तैयारी कर दी है। भारतीय जनता पार्टी राहुल गांधी के दौरे को देख नए सियासी समीकरण बनाने के प्रयास में जुट गई है। इसके लिए भाजपा के पंजाब चुनाव प्रभारी गजेंद्र सिंह शेखावत अपनी टीम के साथ जालंधर पहुंच चुके हैं। राहुल गांधी करीब 3 घंटे बाद अमृतसर से जालंधर पहुंचेंगे इससे पहले कि राहुल गांधी जालंधर पहुंचे, भाजपा पंजाब की सियासत में नए समीकरण बनाकर कई नेताओं को पार्टी ज्वाइन कराने की तैयारी में है। दल बदलने वाले कई नेता कांग्रेस के भी हैं।
दूसरी तरफ कांग्रेस ने ही राहुल के दौरे से पहले कुछ नेताओं को पार्टी ज्वाइन करवाकर भाजपा के सियासी हमले को काउंटर करने की तैयारी करनी है। कांग्रेस की तरफ से आम आदमी पार्टी के वोट बैंक में सेंधमारी की कवायद की जा रही है। इसी के मद्देनजर आम आदमी पार्टी के कुछ नेताओं को कांग्रेस ज्वाइन कराने की तैयारी पूरी हो चुकी है। भारतीय जनता पार्टी की तरफ से सांसद हंसराज हंस, राजेश बागा के अलावा शेखावत कुछ कांग्रेसियों वह अन्य दलों के नेताओं को भाजपा ज्वाइन कराएंगे।
भाजपा गठबंधन तो कांग्रेस अपने दम पर लड़ रही है चुनाव
बता दें कि इसम पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रदेश की 117 विधानसभा सीटों पर कांग्रेस अपने दम पर चुनाव लड़ रही है। पार्टी ने कुछ सीटों को छोड़ अन्य पर अपने प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी है। वहीं अकाली दल से गठबंधन तोड़ने के बाद भाजपा इस बार पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की पंजाब लोक कांग्रेस और पूर्व कैबिनेट मंत्री सुखदेव सिंह ढीडसा के अकाली दल (संयुक्त) के साथ गठबंधन में मैदान में उतरी है। गठबंधन की ओर से अभी कई सीटों पर प्रत्याशियों के नाम की घोषणा होनी है। अकाली दल ने अपने खाते की सभी 97 सीटों पर प्रत्याशी उतार दिए हैं। शेष 20 सीटों पर उसका बहुजन समाज पार्टी के साथ गठबंधन है।