कांग्रेस ने केंद्र की लोकहित योजनाओं को पंजाब में पहुंचने नहीं दिया : भंडारी
पंजाब में कांग्रेस की सरकार ने पिछले पांच साल के दौरान केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार द्वारा लोकहित में चलाई गई सैकड़ों योजनाओं को आम लोगों तक नहीं पहुंचने दिया। इससे पंजाब के हर वर्ग और खास तौर पर गरीब वर्ग का बहुत नुकसान हुआ।
जागरण संवाददाता, जालंधर : पंजाब में कांग्रेस की सरकार ने पिछले पांच साल के दौरान केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार द्वारा लोकहित में चलाई गई सैकड़ों योजनाओं को आम लोगों तक नहीं पहुंचने दिया। इससे पंजाब के हर वर्ग और खास तौर पर गरीब वर्ग का बहुत नुकसान हुआ। यह बात पूर्व मुख्य संसदीय सचिव एवं पूर्व विधायक जालंधर नार्थ केडी भंडारी ने रामनगर, संजय गांधी नगर व गांधी कैंप आदि क्षेत्रों में लोगों के साथ की गई बैठक के दौरान कही।
भंडारी ने कहा केंद्र की सरकार ने स्मार्ट सिटी योजना के तहत जालंधर नगर निगम को करोड़ों रुपये की ग्रांट दी लेकिन जालंधर नगर निगम ने इसका सदुपयोग करने के बजाय पैसे बर्बाद किए। उन्होंने कहा कि नगर निगम के हालात किसी से छिपे हुए नहीं थे। जालंधर नगर निगम अपनी अधिकारियों की तनख्वाह तक देने के लिए पैसों का इंतजाम नहीं कर सकता था। जालंधर स्मार्ट सिटी योजना के तहत केंद्र सरकार द्वारा करोड़ों रुपये दिए गए लेकिन जालंधर के विधायकों ने इस पैसे के सही प्रयोग नहीं किया। अच्छी सड़कों व गलियों को तोड़ दिया गया। आज पूरा शहर इसका खामियाजा भुगत रहा है।