भोगपुर के एनआरआई ने शादी का झांसा दे दिल्ली की युवती के साथ किया दुष्कर्म, एयरपोर्ट पर दबोचा गया
आरोपित रविंदर सिंह इंग्लैंड में सिक्योरिटी गार्ड है और अपने परिवार से मिलने जालंधर आ रहा था। वह भोगपुर के गांव खोजकीपुर का रहने वाला है।
जागरण संवाददाता. जालंधर : मैट्रीमोनियल वेबसाइट शादीडॉटकॉम पर दिल्ली की युवती को झांसा देकर उससे दुष्कर्म करने वाले जालंधर के एनआरआइ को दिल्ली पुलिस ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसे अदालत में पेश किया जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। आरोपित रविंदर सिंह इंग्लैंड में सिक्योरिटी गार्ड है और अपने परिवार से मिलने जालंधर आ रहा था। वह भोगपुर के गांव खोजकीपुर का रहने वाला है। दिल्ली पुलिस के नॉर्थ वेस्ट डीसीपी विजयंता आर्या ने बताया कि आरोपित एनआरआइ एक साल से फरार था।
उन्होने बताया कि दिल्ली पुलिस को 24 वर्षीय युवती ने शिकायत दी थी कि 2017 में मैट्रीमोनियल वेबसाइट शादीडॉटकाम के ऐप के जरिये वह रविंदर के संपर्क में आई थी। उसने खुद को इंग्लैंड का परमानेंट नागरिक बताया था। इसके बाद वो रविंदर से मिली और शादी करने के उसके झांसे में फंस गई। रविंदर के भारत आने पर 17 दिसंबर 2017 को दोनों की मुलाकात हुई। युवती के मुताबिक उसे नशा देकर रविंदर ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद उसने पहले कहा कि वह गांव में रह रही अपनी मां को मनाने के बाद उसके साथ शादी करेगा, लेकिन बाद में वे यूके लौट गया और शादी से मुकर गया।
साइबर सेल ने लुकआउट सर्कुलर जारी कर रखा था
डीसीपी विजयंता ने बताया कि साइबर सेल की टीम ने मामले की जांच करते हुए भोगपुर के गांव खोजकीपुर स्थित आरोपित के घर में भी कई बार रेड की, लेकिन वह हाथ नहीं आया। इसके बाद यूके एंबेसी से संपर्क कर आरोपित के बारे में विभिन्न जानकारियां जुटाई गईं और उसके खिलाफ लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया। बीते शुक्रवार पुलिस को सूचना मिली कि आरोपित देश लौट रहा है और पुलिस टीम ने उसे हवाई अड्डे से ही गिरफ्तार कर लिया।
15 साल बड़ी महिला से शादी करके ली थी पीआर
आदर्श नगर पुलिस थाने के सब इंस्पेक्टर अमित ने बताया कि आरोपित रविंदर साल 2011 में पीजी कोर्स के लिए यूके गया था लेकिन पढ़ाई पूरी नहीं कर पाया। इस दौरान उसने अपने 15 साल बड़ी मरयम केट नामक महिला से शादी रचा ली और पीआर लेने के कुछ साल बाद उससे तलाक ले लिया। पुलिस पूछताछ में आरोपित ने कहा कि जिस समय वह शिकायतकर्ता युवती के संपर्क में आया, तब उसका तलाक हो चुका था।