बठिंडा पुलिस की बड़ी लापरवाही, बिना हथकड़ी लगाए कमरे में बिठाया नशा तस्कर पुलिस चौकी से फरार
थाना तलवंडी साबो की पुलिस चौकी सिंगो के पुलिस कर्मियों की लापरवाही से एक नशा तस्कर पुलिस चौकी से फरार हो गया। आरोपित अमनदीप सिंह को बाद में गांव सिंगो स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया।
बठिंडा, जेएनएन। थाना तलवंडी साबो की पुलिस चौकी सिंगो के पुलिस कर्मियों की लापरवाही से एक नशा तस्कर पुलिस चौकी से फरार हो गया। घटना 10 मई की है। हालांकि तस्कर को शुक्रवार सुबह गांव सिंगो स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया। दूसरी तरफ, एसएसपी के आदेश पर थाना तलवंडी साबो पुलिस ने फरार तस्कर अमनदीप सिंह के अलावा ड्यूटी पर लापरवाही दिखाने पर चौकी में तैनात सिपाही गुरविंदर सिंह, होमगार्ड जावान जस्सा सिंह व शमशेर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें लाइन हाजिर कर दिया है।
बताया जा रहा है कि पुलिस कर्मियों ने तस्कर को हथकड़ी लगाने के बजाए, उसे चौकी में बने एक कमरे में यूं ही बिठा रखा था वहां कोई भी पुलिस कर्मी तैनात नहीं था। इसका फायदा उठा आरोपित फरार हो गया था। थाना तलवंडी साबो के इंचार्ज एसआइ अवतार सिंह ने बताया कि 9 जून को पुलिस चौकी सिंगो के एएसआइ गोबिंद सिंह ने गांव सिंगो से नशा तस्कर अमनदीप सिंह व जसकरण सिंह को 600 नशीली गाेलियां समेत गिरफ्तार किया था। उनके खिलाफ तलवंडी साबो में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। गिरफ्तारी के बाद आरोपित अमनदीप व जसकरण सिंह को हवालात में बंद करने के बजाए चौकी में ही बने एक कमरे में बिठा दिया। मौका देखकर अमनदीप सिंह फरार हो गया। उसका पीछा भी किया गया लेकिन वह तब तक फरार हो चुका था।
एसआइ अवतार सिंह ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली कि फरार आरोपित अमनदीप सिंह अपने गांव सिंगो स्थित घर पर छिपा हुआ है। इसके बाद पुलिस टीम ने छापामारी कर उसे शुक्रवार सुबह गिरफ्तार कर लिया। वहीं, ड्यूटी पर लापरवाही दिखाने पर सिपाही गुरविंदर सिंह, होमगार्ड जावान जस्सा सिंह व शमशेर सिंह पर मामला दर्ज कर लिया गया है।