बायोमेट्रिक रिकार्ड से भी नहीं हुई बेअदबी के आरोपित की पहचान, पुलिस ने इंटरनेट मीडिया पर मांगी मदद
श्री दरबार साहिब में बेअदबी करने के आरोप मारे गए युवक के फिंगर प्रिंट्स उसके आधार कार्ड डेटाबेस से मैच नहीं हुए हैं। पुलिस ने क्रिमिनल रिकॉर्ड से भी आरोपित की पहचान करने का प्रयास किया लेकिन कोई सफलता हासिल नहीं हुई।
जासं, अमृतसर। श्री दरबार साहिब में मारे गए बेअदबी के आरोपित की पहचान स्थापित करना पुलिस के लिए टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। घटना के करीब 48 घंटे बीत जाने के बाद भी उसकी पहचान नहीं हो पाई है। मामले को लेकर चल रहीं चर्चाओं के बीच घटना को लेकर दूध का दूध और पानी का पानी करने के लिए आरोपित की पहचान जरूरी है। बायोमेट्रिक डेटा बेस से भी यह पता नहीं लग सका है कि वह युवक कौन था। उधर, अमृतसर पुलिस ने एक ट्वीट में आरोपित की फोटो शेयर करते हुए पहचान के लिए जनता से मदद मांगी है।
सोमवार की सुबह पुलिस और सुविधा केंद्र की एक टीम सिविल अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में पहुंची। वहां मारे गए युवक का फिंगरप्रिंट रिकॉर्ड लिया गया था। जांच के बाद पता चला कि युवक के फिंगर प्रिंट्स उसके आधार कार्ड डेटा बेस से मैच नहीं हुए हैं। इसके अलावा पुलिस ने अपने क्रिमिनल रिकॉर्ड से भी आरोपित की पहचान करने का प्रयास किया लेकिन कोई सफलता हासिल नहीं हुई। डीसीपी परमिंदर सिंह भंडाल ने बताया कि इसके बावजूद पुलिस लगातार आरोपित की शिनाख्त करने का प्रयास कर रही हैl अभी तक जनता की तरफ से भी मरने वाले युवक की पहचान को लेकर कोई जानकारी नहीं दी गई है। उनकी ओर से प्रयास लगातार जारी हैं।
ਪੁਲਿਸ ਕਮਿਸ਼ਨਰ ਦੇ ਮੋਬਾਇਲ ਨੰ: 97811-30101, 99157-01100, ਸ੍ਰ ਪਰਮਿੰਦਰ ਸਿੰਘ ਭੰਡਾਲ ਡੀ:ਸੀ:ਪੀ ਲਾਅ ਐਂਡ ਆਰਡਰ ਦੇ ਮੋਬਾਇਲ ਨੰ: 95524-00001 ਅਤੇ ਸ੍ਰ ਹਰਪਾਲ ਸਿੰਘ ਏ:ਡੀ:ਸੀ:ਪੀ-3 ਦੇ ਮੋਬਾਇਲ ਨੰ: 98760-19099 ਤੇ ਜਾਣਕਾਰੀ ਦੇ ਸਕਦਾ ਹੈ। ਉਨ੍ਹਾਂ ਦੱਸਿਆ ਕਿ ਜਾਣਕਾਰੀ ਦੇਣ ਵਾਲੇ ਦਾ ਨਾਮ ਗੁਪਤ ਰੱਖਿਆ ਜਾਵੇਗਾ। pic.twitter.com/sa0pYtjiIg— DPRO Amritsar (@AmritsarDpro) December 20, 2021
उल्लेखनीय है कि शनिवार की शाम श्री दरबार साहिब में एक युवक कूदकर उस क्षेत्र में पहुंच गया था जहां श्री गुरु ग्रंथ साहिब का प्रकाश था। तेजी से पहुंचे युवक ने पहले वहां रखी कृपाण उठाई और फिर श्री गुरु ग्रंथ साहिब को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया। हालांकि सर्तक सेवादारों ने उसे तुरंत काबू कर लिया। बाद में, बेअदबी करने के आरोपी युवक की भीड़ ने पीट-पीटकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई हैl पुलिस जांच में सामने आ चुका है कि मरने वाला युवक घटना से 9 घंटे पहले दरबार साहिब परिसर में प्रवेश कर गया था। अब सवाल खड़ा हो रहा है कि अगर मारे गए आरोपितों की पहचान के लिए कोई सामने नहीं आता है तो क्या पंजाब पुलिस फारेंसिक एक्सपर्ट का सहारा लेगी।