Adampur to Delhi: एयरपोर्ट जाने से पहले पता कर लें, रोजाना लेट हो रही उड़ान Jalandhar News
आदमपुर से दिल्ली स्पाइसजेट की फ्लाइट की लेटलतीफी और अनियमितता से यात्री परेशान हैं। सोमवार को फ्लाइट रद कर दी गई थी तो मंगलवार को चार घंटे विलंब से रवाना हुई।
जालंधर, जेएनएन। दोआबा के लोगों के लंबे संघर्ष के बाद आदमपुर एयरपोर्ट से दिल्ली की उड़ान शुरू हुई थी पर अब लोगों की उम्मीदों पर पानी फिरने लगा है। यहां से रोजाना स्पाइस जेट की इकलौती फ्लाइट दिल्ली के लिए उड़ान भरती है लेकिन वह भी निर्धारित समय पर उड़ान नहीं भर पा रही। पिछले 10 दिन से फ्लाइट रोजाना 45 मिनट से लेकर एक घंटा तक की देरी से उड़ान भर रही है। सोमवार को फ्लाइट रद कर दी गई थी। मंगलवार को तो हद हो गई। फ्लाइट अपने निर्धारित समय से सवा चार घंटे देरी से दिल्ली के लिए रवाना हुई। आदमपुर से फ्लाइट का निर्धारित समय दोपहर बाद 2:45 बजे है लेकिन यह शाम सात बजे उड़ान भर सकी। स्पाइसजेट एयरलाइन की तरफ से मंगलवार को भी पूर्व की ही तरह फ्लाइट के लेट होने की वजह तकनीकी कारण बताया गया।
मैसेज मिलने से यात्रियों को मिली राहत
गनीमत रही कि फ्लाइट लेट होने के संबंध में एयरलाइन प्रबंधन ने यात्रियों को समय रहते सूचित कर दिया गया था। इस कारण यात्री मैसेज के मुताबिक ही एयरपोर्ट पर पहुंचे। 53 यात्रियों ने आदमपुर से दिल्ली के लिए सीट बुक करवा रखी थी, जिसमें से 48 यात्री विमान में सवार हुए।
दिल्ली से भी हुई लेट
दिल्ली-आदमपुर फ्लाइट का निर्धारित समय दोपहर 1:30 बजे है लेकिन यहां से भी देरी हो रही है। मंगलवार को फ्लाइट करीब चार घंटे बाद शाम 5:24 पर आदमपुर के लिए रवाना हुई।