बठिंडा में कार की टक्कर से 19 वर्षीय युवक की मौत, आरोपित कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज
बठिंडा में तेज रफ्तार एक कार ने दूसरी कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इलाज के सात दिन बाद एक 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई।
जासं, बठिंडा। बठिंडा में तेज रफ्तार एक कार ने दूसरी कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में कार सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। इलाज के सात दिन बाद एक 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई। थाना सिविल लाइन पुलिस ने मृतक युवक के रिश्तेदारों के बयानों पर आरोपित कार चालक पर मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपित कार चालक की गिरफ्तारी होनी बाकी है। थाना सिविल लाइन पुलिस को शिकायत देकर गुरदीप सिंह निवासी गांव नारंग जिला सिरसा हरियाणा ने बताया कि बीती 31 दिसंबर 2021 को उसका दोस्त सुखदेव सिंह पुत्र कौर सिंह व यवराज पुत्र पवन कुमार निवासी रामा मंडी कार में सवार होकर बठिंडा के मतिदास नगर की तरफ जा रहे थे।
इस दौरान आरोपित अमनदीप सिंह निवासी गांव कोटशमीर तेज रफ्तार से कार लेकर आया और उसके दोस्तों की कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उसका 19 वर्षीय दोस्त सुखदेव सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। बीती छह जनवरी को घायल सुखदेव सिंह की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने आरोपित अमनदीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर अगली कार्रवाई शुरू कर दी है।
एएसआइ पर हमला करने वाले व्यक्ति पर इरादा कत्ल का केस दर्ज
जासं, बठिंडा। बठिंडा में बीती शुक्रवार को रामा इलाके के गांव रामसरा में पुलिस टीम पर हमला कर एक एएसआई को गंभीर रूप से घायल करने के मामले में थाना रामा पुलिस ने आरोपित व्यक्ति के खिलाफ इरादा कत्ल का केस दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास शुरू कर दिए है। पुलिस के पास एएसआई सुखदेव सिंह ने दर्ज कराई शिकायत में बताया कि बीती 7 जनवरी को वो पुलिस टीम को साथ लेकर रामा थाने में ही दर्ज चोरी के एक मामले में आरोपित की गिरफ्तारी के लिए रेड़ करने के लिए गांव रामसरा गए थे। इस दौरान आरोपित जगदीप सिंह निवासी रामसरा ने उनके साथ गाली गलौच किया तथा किरपाण से पुलिस टीम पर जानलेवा हमला कर दिया। उक्त हमले में एएसआई सुखदेव सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिन्हें उपचार के लिए सिविल अस्प्ताल रामा में दाखिल कराया गया है। उक्त मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपित जगदीप सिंह के खिलाफ धारा 307 इरादा कत्ल समेत अन्य धाराओं के तहत केस दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरु कर दी है।