पंजाब के पूर्व सीएम बादल के गढ़ में केजरीवाल, लंबी विधानसभा में आज रैली कर भरेंगे हुंकार
आम आदमी पार्टी के संयोजक तथा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गरजेंगे। वे यहां पर शाम के करीब तीन बजे लंबी विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के प्रत्याशी गुरमीत सिंह खुड्डियां की जनसभा को संबोधित करेंगे। आप की कोशिश बादल परिवार को उनके गढ़ में ही घेरने की रहेगी।
जागरण संवाददाता, लंबी (श्री मुक्तसर सहिब)। राज्य के 5 बार मुख्यमंत्री रह चुके प्रकाश सिंह बादल तथा शिरोमणि अकाली दल के गढ़ लंबी के गांव खुड्डियाँ में आम आदमी पार्टी के संयोजक तथा दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल गरजेंगे। वे यहां पर शाम के करीब तीन बजे लंबी विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के प्रत्याशी गुरमीत सिंह खुड्डियां की जनसभा को संबोधित करेंगे। आम आदमी पार्टी की ओर से यहां पर क्षेत्र के लोगों की बड़ी भीड़ जुटाई गई है। यहां पर आसपास के विधानसभा हलकों के कार्यकर्ताओं को भी बुलाया गया है। इसके जरिये आप का प्रयास आसपास के विधानसभा क्षेत्रों में भी पार्टी का प्रभाव बढ़ाने की है।
आप प्रमुख की शिरोमणि अकाली दल के गढ़ में यह रैली बादलों को चुनौती पेश करने के लिए ही की जा रही है। कहीं न कहीं आप की कोशिश है कि विधानसभा चुनाव में बादल परिवार को उनके क्षेत्र में ही उलझाया जाए। शिअद की ओर से इस बार भी लंबी से प्रकाश सिंह बादल को चुनाव लड़ाने की तैयारी की जा रही है।
वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भी आम आदमी पार्टी ने अपने दिग्गज नेता जरनैल सिंह को प्रकाश सिंह बादल के मुकाबले में चुनाव मैदान में उतारा था। बेशक जरनैल सिंह कांग्रेस की तरफ से कैप्टन अमरिंदर सिंह के मैदान में आ जाने के बाद तीसरे स्थान पर रहे थे। अरविंद केजरीवाल इस बार भी अकाली दल के सरपरस्त प्रकाश सिंह बादल को उनके घर में ही घेरने की रणनीति पर काम करती दिख रही है। यही कारण है कि मालवा क्षेत्र की यह पहली चुनावी रैली लंबी में आयोजित की जा रही है।
एक दिन पहले जालंधर में निकाली तिरंगा यात्रा
अगले वर्ष पंजाब में विधानसभा चुनाव से पहले आप ने प्रदेश में राजनीतिक गतिविधियां बढ़ा दी है। खुद आप प्रमुख अरविंद केजरीवाल का पिछले दो महीने में यह छठा दौरा है। एक दिन पहले ही उन्होंने जालंधर में तिरंगा यात्रा निकालकर शक्ति प्रदर्शन किया है।