Punjab Politics: 7 दिसंबर को होने वाली अरविंद केजरीवाल की जालंधर तिरंगा यात्रा स्थगित, अब करतारपुर में ही बाटेंगे गारंटी कार्ड
आप सूत्रों के अनुसार तिरंगा यात्रा के संबंध में अरविंद केजरीवाल के जालंधर आगमन को लेकर जल्द नया कार्यक्रम घोषित किया जाएगा। अरविंद केजरीवाल का 7 दिसंबर का दौरा स्थगित होने बारे में पार्टी नेताओं को भी जानकारी दे दी गई है।
जागरण संवाददाता, जालंधर। आम आदमी पार्टी (आप) सुप्रीमो एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का जालंधर सेंट्रल हलके का दौरा स्थगित कर दिया गया है। अरविंद केजरीवाल आगामी 7 दिसंबर को जालंधर सेंट्रल हलके में आयोजित की जाने वाली तिरंगा यात्रा में हिस्सा लेने वाले थे। तिरंगा यात्रा की तैयारियों संबंधी आप कार्यालय में बैठक भी हो चुकी थी। इसे लेकर वालंटियर्स की ड्यूटी भी लगाई जा चुकी थी लेकिन अब अरविंद केजरीवाल 7 दिसंबर को तिरंगा यात्रा में हिस्सा नहीं लेंगे। पार्टी सूत्रों के अनुसार तिरंगा यात्रा के संबंध में अरविंद केजरीवाल के जालंधर आगमन को लेकर जल्द नया कार्यक्रम घोषित किया जाएगा। अरविंद केजरीवाल का 7 दिसंबर का दौरा स्थगित होने बारे में पार्टी नेताओं को भी जानकारी दे दी गई है।
होशियारपुर के शाम चौरासी भी जाएंगे केजरीवाल
हालांकि अरविंद केजरीवाल 7 दिसंबर को जिला जालंधर में जरूर पहुंचेंगे वह विधान सभा हल्का करतारपुर के एक गांव में महिलाओं को एक हजार रुपए प्रति माह दिए जाने को लेकर गारंटी कार्ड वितरित करेंगे। गारंटी कार्ड वितरित करने के बाद केजरीवाल 7 दिसंबर को ही जिला होशियारपुर के शाम चौरासी में आयोजित किए जाने वाले एक कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे।
विधानसभा चुनाव टिकट वितरण से पहले सेंट्रल हलके में अरविंद केजरीवाल की तिरंगा यात्रा को अति महत्वपूर्ण माना जा रहा था। सेंट्रल हलके से टिकट के चाहवान अरविंद केजरीवाल के समक्ष अपने आप को मजबूत दिखाने के लिए रणनीति तैयार कर रहे थे, लेकिन ऐन मौके पर अरविंद केजरीवाल का दौरा ही स्थगित हो गया है।
बता दें कि अगले साल पंजाब में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी ने प्रदेश में अपनी गतिविधियां बढ़ा दी हैं। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, पंजाब के सह-प्रभारी राघव चड्ढा सहित कई नेता लगातार पंजाब का दौरा कर रहे हैं। खुद अरविंद केजरीवाल अब तक पंजाब के करीब 5 दौरे करके मुफ्त शिक्षा, मुफ्त उपचार और मुफ्त बिजली देने के वादे कर चुके हैं।
यह भी पढ़ें - जत्थेदार मंड ने किया पंजाब के पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह तनखइया घोषित, जाने क्या है उन पर आरोप