डैम में दोस्तों के साथ नहाने गया 19 वर्षीय युवक लापता
होशियारपुर के नजदीकी गाव मेहंग्रोवाल में देर शाम डैम में नहाने गए छह युवकों में से एक युवक लापता हो गया।
जासं, होशियारपुर: होशियारपुर के नजदीकी गाव मेहंग्रोवाल में देर शाम डैम में नहाने गए छह युवकों में से एक युवक लापता हो गया। युवक की पहचान अज्जोवाल के रहने वाले 19 वर्षीय विशाल ठाकुर के रूप में हुई है। वह डीएवी कॉलेज का छात्र है। विशाल 12वीं के पेपर देकर फ्री था। वह लक्ष्मी फाइनास के मालिक पप्पी का भतीजा है। पिता चमन लाल ठाकुर आर्मी से रिटायर हैं। रविवार को विशाल अपने दोस्तों रोबिन, गुरदेव, अर्जुन, केशव व नंदन के साथ मेहंग्रोवाल डैम पर नहाने के लिए गया था। इस दौरान नहाते हुए विशाल डैम के गहरे पानी में उतर गया, जिसके बाद वह लापता हो गया। काफी देर तक ढूंढने के बाद जब विशाल का कुछ पता न चला तो साथ आए युवकों ने शोर मचा दिया। आसपास के इक्ट्ठा हुए लोगों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद एसआइ सोहन लाल पुलिस पार्टी सहित पहुंचे। काफी खोज करने के बाद रात तक युवक का पता नहीं चला। पिता चमन लाल ने बताया कि शाम को उन्हें फोन पर पता चला कि विशाल लापता हो गया है। जिसके बाद वह मौके पर पहुंच गए पर काफी खोजने के बाद भी कुछ पता नहीं चला। पुलिस ने बताया कि अंधेरे व पानी गहरा होने के कारण कुछ पता नहीं लग पाया है और सुबह विशाल की तलाश की जाएगी।