दो बाइक टकराए, सिर के बल गिरा 12वीं छात्र, गंभीर
बुधवार दोपहर करीब 12 बजे शिमला पहाड़ी के पास हुई दो मोटरसाइकिलों की की टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
जागरण संवाददाता, होशियारपुर : बुधवार दोपहर करीब 12 बजे शिमला पहाड़ी के पास हुई दो मोटरसाइकिलों की की टक्कर में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल की पहचान अभिषेक (22) पुत्र महिदर सिंह निवासी अज्जोवाल के रूप में हुई है। अभिषेक 12वीं का छात्र है और सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल घंटाघर में पढ़ता है। अस्पताल में अभिषेक के परिजनों ने बताया कि सुबह अभिषेक स्कूल गया था। इस दौरान अभिषेक अपने दोस्तों के साथ मोटरसाइकिल पर शिमला पहाड़ी किसी काम से गया। इस दौरान सामने एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल सवार ने उन्हें टक्कर मार दी और अभिषेक की बाइक का संतुलन बिगड़ गया। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के दौरान अभिषेक सिर के बल नीचे गिरा और बेहोश हो गया जिसे तुरंत सिविल अस्पताल में दाखिल करवाया गया। जब-तक तीनों युवक संभलते तब तक टक्कर मारने वाला मोटरसाइकिल सवार मौके से फरार हो गया।
डॉक्टरों ने बताया कि अभिषेक के सिर में चोट लगने से वह बेसुध हुआ है, हालत गंभीर है। उसके सिर की सिटी स्कैन करवाया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ कहा जा सकता है। बाइक सवार को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, घायल
अज्ञात वाहन की चपेट में आने से गांव जौहलां का एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। जिसे सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घायल की पहचान सुखजिदर सिंह पुत्र सुरजीत सिंह निवासी जौहलां के रूप में हुई है। अस्पताल में उपचाराधीन सुखजिदर सिंह ने बताया कि वह सुबह घर से मोटरसाईकिल पर किसी काम से निकला था, अभी कुछ ही दूरी पर पहुंचा था कि पीछे से अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी और वह सड़क में गिर गया। उसके सिर में चोट लगी और वह बेसुध हो गया। सुखजिदर ने बताया कि उसे जब वह होश आई तो वह अस्पताल में था और उसे यह भी नहीं पता कि उसे अस्पताल में कौन लेकर आया है। सुखजिदर ने शक जाहिर किया कि उसे किसी ने जानबूझ कर टक्कर मारी है। अस्पताल में सुखजिदर का उपचार कर रहे चिकित्सकों ने बताया कि सुखजिदर के सिर में चोट लगी है। जिसके चलते उसे पीजीआइ रेफर कर दिया गया है।