सिविल सर्जन ने लगवाया पहला इंजेक्शन, बोले-घबराएं नहीं आगे आएं, अफवाहों से बचे
कोविड-19 वैक्सीन की शुरुआत पूरे भारत में 16 जनवरी को हो चुकी है। हालांकि वैक्सीन लगाने के पहले दिन कोविड पोर्टल में कुछ समस्या आई थी और इसी कारण वैक्सीनेशन का काम काफी प्रभावित हुआ था। लेकिन सोमवार सुबह से ही काम आसानी से चलता रहा और कोई दिक्कत नहीं आई।
नीरज शर्मा, होशियारपुर
कोविड-19 वैक्सीन की शुरुआत पूरे भारत में 16 जनवरी को हो चुकी है। हालांकि वैक्सीन लगाने के पहले दिन कोविड पोर्टल में कुछ समस्या आई थी और इसी कारण वैक्सीनेशन का काम काफी प्रभावित हुआ था। लेकिन, सोमवार सुबह से ही काम आसानी से चलता रहा और कोई दिक्कत नहीं आई। आज काफी हद तक टारेगट भी अचीव किया गया। निजी अस्पताल में सबसे पहला इंजेक्शन सिविल सर्जन डा. रणजीत सिंह घोतड़ा ने लगवाया। इस दौरान सिविल सर्जन डा. रणजीत सिंह ने कहा कि पहला इंजेक्शन इसलिए लगवाया ताकि लोगों तक अफवाहों से बचने का संदेश पहुंचे सके। यह इंजेक्शन हमारे लिए बहुत जरूरी है और समय की मांग है। या यूं कहें कि यह कोरोना वायरस से बचाने के लिए ढाल है। हम सभी को इसके लिए बेझिझक आगे आना होगा। अफवाहों में फंसकर हम अपने व अपनों के जीवन से खिलवाड़ नहीं कर सकते। इंजेक्शन लगवाने वालों में सहायक सिविल सर्जन डा. पवन कुमार, जिला परिवार भलाई अफसर डा. अरुण वर्मा, जिला सेहत अफसर डा. लखवीर सिंह, जिला टीकाकरण अफसर डा. सीमा गर्ग भी थीं। टीकाकरण होने के बाद सभी अपनी अपनी ड्यूटी पर तैनात हो गए।
300 का था टारगेट
सिविल सर्जन डा. रणजीत सिंह घोतड़ा ने कहा कि हम वैक्सीनेशन के प्रोग्राम में पहले नंबर पर हैं। टारगेट 300 का था और आज 179 लोगों का टीकाकरण किया है। हम से आगे लुधियाना है, उसका टारगेट 500 था। इस हिसाब से होशियारपुर की अचीवमेंट नंबर वन रही।
तीन सेंटरों में लगे कोविड के इंजेक्शन
जिला टीकाकरण अधिकारी डा. सीमा गर्ग ने बताया कि जिले के तीन सेंटरों में इंजेक्शन लगाए गए हैं। इसमें होशियारपुर का निजी अस्पताल शिवम मल्टी स्पेशलिस्ट, सिविल अस्पताल टांडा व सिविल अस्पताल मुकेरियां शामिल हैं। होशियारपुर में पूरा टारगेट अचीव हुआ जिसमें 100 इंजेक्शन लगे। इसके अलावा मुकेरियां में 50 व सिविल अस्पताल टांडा में 29 इंजेक्शन लगे। डा. सीमा गर्ग ने बताया कि ओवरआल राज्य में होशियारपुर का प्रदर्शन बढि़या रहा।
सभी लगवाएं इंजेक्शन
सिविल सर्जन ने बताया कि यह वैक्सीन लगाने के साथ शरीर में बीमारियां खास करके कोविड-19 के प्रति लड़ने की क्षमता अधिक हो जाती है और यह वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है। इसका कोई बुरा प्रभाव भी नहीं है। कोविड टीकाकरण के बाद भी सेहत एडवाइजरी जैसे मास्क लगाना, फिजिकल डिस्टेंस रखने के नियम का पालन करना यकीनी बनाना पड़ेगा। लोग अफवाहों से बचें और टीकाकरण के लिए आगे आएं। इसमें सभी की भलाई है।