रात को शाल ओढ़ अचानक थाने पहुंचे मंत्री, बोले- पहली चेकिंग है, इसीलिए सब कुछ माफ, अगली बार नहीं मिलेगी माफी
पुलिस की आंख खोलने के लिए शुक्रवार रात को मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा ने औचक चेकिंग का प्रोग्राम बनाकर पुलिस में हड़कंप मचा दिया।
होशियारपुर [हजारी लाल]। कुछ दिनों से होशियारपुर में लूट, छीनाझपटी, चोरी आदि की आपराधिक वारदातें बढ़ गई हैं। पुलिस रोकने में सफल नहीं हो पा रही है। भाजपा से इसे मुद्दा बना रही है, इसलिए पुलिस की आंख खोलने के लिए शुक्रवार रात को मंत्री सुंदर शाम अरोड़ा ने औचक चेकिंग का प्रोग्राम बनाकर पुलिस में हड़कंप मचा दिया।
रात सवा दस बजे के करीब मंत्री अरोड़ा प्राइवेट कार में घर से निकले। उनके साथ कोई सुरक्षा कर्मी नहीं था। सिर्फ पीए मनी ही थे। खुद कार चलाकर मंत्री थाना सिटी पहुंचे। गेट बंद था। संतरी नहीं था। गेट खटखटाकर मंत्री थाने के अंदर गए। मुंशी की कुर्सी भी खाली थी। मंत्री अंदर कमरे में पहुंचे तो चार मुलाजिम हीटर पर ठंड उतार रहे थे, लेकिन जब उन्होंने सामने मंत्री अरोड़ा को देखा तो उनमें गर्मी छूटने लगी। मंत्री ने रजिस्टर चेक किया।
थाना प्रभारी गोविंदर कुमार बंटी भी थाने में नहीं थे, लेकिन जैसे ही उन्हें भनक लगी कि मंत्री थाने में है। कुछ ही मिनटों में बंटी भी थाने पहुंच गए। मंत्री के आने की सूचना पर डीएसपी जगदीश अत्री व एसएसपी गौरव गर्ग भी थाने में आ गए। मंत्री अरोड़ा ने एसएसपी गर्ग को पुलिस की तमाम खामियां गिनाईं। मुलाजिमों को चेतावनी दी कि पहली चेकिंग है, इसीलिए सब कुछ माफ। अगली बार कुछ माफ नहीं होगा...।
एसएसपी को साथ लेकर घूमे पूरा शहर
इसके बाद मंत्री अरोड़ा एसएसपी गौरव गर्ग को साथ लेकर प्राइवेट कार में पूरा शहर घूमे। तमाम चौकों के नाके चेक किए। नाकों की सुरक्षा व्यवस्था से मंत्री असंतुष्ट दिखे। कई चौकों पर पुलिस की कोई सुरक्षा नहीं थी। सुरक्षा खामियों को लेकर डीएसपी सिटी जगदीश अत्री की क्लास भी लगी।
कमियां सुधारने के लिए कहा गया है
मैंने रात में सवा दस बजे से लेकर रात एक बजे तक शहर की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। थाना सिटी की चेकिंग की। एसएसपी गौरव गर्ग को साथ लेकर शहर की सुरक्षा का जायजा लिया। कमियां सुधारने के लिए कहा गया है। सुरक्षा के मामले में कोई ढील बर्दाश्त नहीं होगी। - सुंदर शाम अरोड़ा, कैबिनेट मंत्री पंजाब।
कुछ कमियां पाई गई हैं
थाने और शहर की चेकिंग की गई है। कुछ कमियां पाई गई हैं। उन्हें सुधारने के लिए कह दिया गया है। -गौरव गर्ग, एसएसपी।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें