चुनावी बिसात के लिए भाजपा का सहयोगियों के साथ मंथन
जिले की सात सीटों को लेकर यह तीनों दलों चुनावी गणित बैठा रहे हैं कि कौन कहां से चुनावी महासमर में हुंकार भरेगा।
हजारी लाल, होशियारपुर
विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस, शिअद-बसपा और 'आप' ने पत्ते खोल दिए हैं, मगर अब तक भाजपा और उसके सहयोगी दल चुनावी बिसात के लिए मंथन करने में जुटी है। जिले की सात सीटों को लेकर यह तीनों पार्टियां चुनावी गणित बैठा रहे हैं कि कौन कहां से चुनावी महासमर में हुंकार भरेगा।
सूत्रों की मानें तो भारतीय जनता पार्टी अपनी पारंपरिक विधानसभा सीटें होशियारपुर, दसूहा और मुकेरियां से हर हाल में लड़ना चाह रही है। बाकी सीटों पर वह अपने सहयोगी दल पंजाब लोक कांग्रेस और शिअद टकसाली के खाते में डालना चाहती है।
उल्लेखनीय है कि जब भाजपा का अकाली दल बादल के साथ गठबंधन था तो भाजपा होशियारपुर, दसूहा और मुकेरियां विधानसभा सीट पर चुनाव लड़ती थी। चूंकि अब, भी भाजपा गठबंधन की स्थिति में है। इसलिए वह इस चुनाव में भी इन्हीं सीटों पर लड़ने का मन बनाए है। इन तीनों सीटों को लेकर भाजपा का मंथन जारी है।
होशियारपुर में फंसा पेंच
राजनीतिक सूत्रों की मानें तो विधानसभा सीट होशियारपुर पर सबसे ज्यादा पेंच फंसा हुआ है। क्योंकि इस सीट पर पूर्व कैबिनेट मंत्री तीक्ष्ण सूद, वरिष्ठ भाजपा नेता संजीव तलवाड़ की धर्म पत्नी नीति तलवाड़ और भाजपा के पूर्व जिला अध्यक्ष डा. रमन घई दावेदारी कर रहे हैं। फिलहाल, मंथन में जुटी है। देखना है कि विश्वास किस नाम पर जताती है।
दसूहा में नए चेहरे की तलाश
दसूहा विधानसभा से पूर्व विधायक सुखजीत कौर साही का भाजपा छोड़ कर शिअद में शामिल होने से भाजपा को यहां पर नए चेहरे की तलाश है। यहां से वरिष्ठ भाजपा नेताओं राणा रघुनाथ सिंह, शुभ सरोच, रवि शिगारी के नामों पर चर्चा चल रही है। राणा रघुनाथ ने पिछले विधानसभा चुनाव में भी दावेदारी जताई थी। इस सीट पर हाईकमान जातिगत गणित भी बैठा रही है।
मुकेरियां सीट पर जंगी लाल ने इंदु बाला को दी थी टक्कर
मुकेरियां विधानसभा से उप चुनाव में जंगी लाल महाजन ने भाजपा की टिकट पर चुनाव लड़कर कांग्रेस की इंदु बाला को कड़ी टक्कर दी थी। उस प्रदर्शन को आधार बनाकर जंगी लाल महाजन फिर से जंग में उतरने की कोशिश कर रहे हैं।
ये भी हैं दावेदार
इसके अलावा मुकेरियां सीट से पूर्व कैबिनेट मंत्री अरुणेश शाकर और वरिष्ठ भाजपा नेता संग्राम सिंह भी टिकट पाने के संग्राम में डटे हुए हैं। यह तो उम्मीदवारों की लिस्ट जारी होने के बाद ही मालूम पड़ेगा कि बाजी कौन मार पाता है। शामचौरासी से भाजपा का लड़ना तय
सूत्रों की मानें तो विधानसभा सीट शामचौरासी पर भी भाजपा का ही लड़ना तय है। इस पर भी भाजपा हाईकमान ने खाते में रखने पर सहमति बना ली है। यहां से पिछले काफी समय से नेशनल एसी कमीशन के चेयरमैन विजय सांपला के बेटे साहिल सांपला अपनी राजनीतिक जमीन तैयार कर रहे हैं। टिकट के लिए साहिल सांपला प्रबल दावेदारी ठोंक रहे हैं। इसके अलावा भाजपा नेता जसवीर पप्पी भी टिकट की वकालत में है। विधानसभा सीट चब्बेवाल और उड़मुड़ और गढ़शंकर से भाजपा का सहयोगी दल पंजाब लोक कांग्रेस और शिअद टकसाली चुनावी ताल ठोंक सकती है।
--