वार्षिक संत निरंकारी समागम 16 से, तैयारियां शुरू
गांव भोड़वाल माजरी में संत निरंकारी आध्यात्मिक स्थल पर 72वें वार्षिक संत निरंकारी समागम की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
जेएनएन, होशियारपुर : गांव भोड़वाल माजरी में संत निरंकारी आध्यात्मिक स्थल पर 72वें वार्षिक संत निरंकारी समागम की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज द्वारा तैयारियों की समीक्षा की जा रही है। उन्होंने भोड़वाल माजरी स्टेशन पर पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। 16 से 18 नवंबर तक तीन दिन तक चलने वाले समागम को लेकर सेवादार जुटे हुए हैं। श्रद्धालुओं के लिए रेलवे प्रशासन भी पूरी तरह से तैयार है। आध्यात्मिक स्थल के साथ लगते भोड़वाल माजरी रेलवे स्टेशन पर मंगलवार से सभी मेल व एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव भी शुरू हो गया। इसके अतिरिक्त पैसेंजर ट्रेनों का स्टॉपेज टाइम भी 5 मिनट किया गया है। सदगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज ने दोपहर को भोड़वाल माजरी स्टेशन पर पहुंचकर व्यवस्था का जायजा लिया। साथ ही मौजूद पदाधिकारियों से इसको लेकर बात करते हुए आवश्यक निर्देश भी दिए। 71वें निरंकारी संत समागम में पांच लाख के करीब श्रद्धालु पहुंचे थे। इस बार करीब आठ से दस लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। स्टेशन पर दोनों विभागों के करीब सौ कर्मी तैनात रहेंगे।