हवा हवाई भाजपा की बूथ कमेटियां, प्रदेश अध्यक्ष के सामने किरकिरी
अकाली दल बादल के साथ गठबंधन टूटने के बाद आगामी विधानसभा चुनाव में बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए रणनीति बना रही भाजपा की बूथ कमेटियां अभी तक हवा-हवाई बनी हुई हैं।
हजारी लाल, होशियारपुर
अकाली दल बादल के साथ गठबंधन टूटने के बाद आगामी विधानसभा चुनाव में बेहतरीन प्रदर्शन करने के लिए रणनीति बना रही भाजपा की बूथ कमेटियां अभी तक हवा-हवाई बनी हुई हैं। इस वजह से वीरवार को विधानसभा चुनाव के लिए चुनावी गणित फिट करने के लिए भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी शर्मा के सामने जिला भाजपा की खूब किरकिरी हुई। क्योंकि भाजपा की ताकत बूथ कमेटियां अभी तक कागजों में बनाई गई हैं। हकीकत में अमलीजामा पहनाने की कवायद ही नहीं की गई। इससे प्रदेश अध्यक्ष अंदरखाते गुस्से में भी दिखे। कामकाज में सुधार लाने की भी नसीहत दे डाली। क्योंकि प्रदेश अध्यक्ष ने जिला भाजपा के समक्ष यह बात रख दी कि अगर बूथ कमेटियां बनी हैं तो किसी भी एक बूथ प्रधान का नंबर उन्हें दे, उससे वह बात करना चाहते हैं। इस पर मंडल प्रधान मुंह देखते रह गए। इससे प्रदेश अध्यक्ष के समझ में आ गया कि होशियारपुर विधानसभा का कामकाज हवा-हवाई ज्यादा है।
उल्लेखनीय है कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी शर्मा आगामी विधानसभा की तैयारियों के मद्देनजर होशियारपुर विधानसभा, शामचौरासी विधानसभा और गढ़शंकर विधानसभा के पदाधिकारियों के साथ बैठक करने आए हुए थे। होशियारपुर और शामचौरासी की बैठक होशियारपुर में थी, जबकि गढ़शंकर की बैठक गढ़शंकर में थी।
लिस्ट को देखने के बाद प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने होशियारपुर विधानसभा सीट के मंडल प्रधानों से सवाल किया कि अगर बूथ कमेटियां बनीं हैं तो किसी भी एक बूथ प्रधान का मोबाइल फोन नंबर दे दो, वह उससे बात करके अपने मन की जिज्ञासा को शांत करना चाहते हैं। उनके बार-बार आग्रह के बावजूद मंडल प्रधानों ने बूथ प्रधानों के नंबर नहीं दे सके। इससे शर्मा को समझने में देरी न लगी कि कामकाज हकीकत में कम और कागजों में ज्यादा हुआ है। अंदरखाते उन्हें गुस्सा भी आया, लेकिन बैठक का दौर होने की वजह से वह उसे जाहिर नहीं किया।
होशियारपुर विधानसभा में हैं 168 बूथ
चूंकि भाजपा बूथ कमेटियों पर बहुत विश्वास रखती है। उसका मानना है कि बूथ कमेटियां जितनी मजबूत होंगी, पार्टी की जड़ उतनी मजबूत होगी। बैठक में इन विधानसभा के मंडल प्रधानों ने बूथ कमेटियों के प्रधानों की लिस्ट सौंप दी। होशियारपुर विधानसभा के अंदर तकरीबन 168 बूथ पड़ते हैं। मसलन कि इतने ही बूथ प्रधान बनाने होते हैं। एक बूथ प्रधान को दस सदस्य भी बनाना होता है।
प्रदेश अध्यक्ष जाते-जाते पदाधिकारियों को दे गए नसीहत
प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा जाते-जाते पदाधिकारियों को कामकाज में सुधार लाने की नसीहत भी दे गए। अब अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है कि विधानसभा चुनाव सिर पर है और बूथ कमेटियों के प्रधानों को अभी तक उनकी जिम्मेदारियों का ही एहसास नहीं कराया गया तो चुनावी बेड़ा पार कैसे होगा। क्या कागजों बूथ प्रधानों की नियुक्तियों से बात बन जाएगी। बैठक में जिला भाजपा प्रभारी विनोद शर्मा, पूर्व कैबिनेट मंत्री तीक्ष्ण सूद, भाजपा के जिला प्रधान निपुण शर्मा आदि मौजूद रहे।