सऊदी अरब में 1400 पंजाबी सहित चार हजार भारतीय फंसे, वीडियो में लगाई बचाने की गुहार
सऊदी अरब की एक कंपनी में करीब चार हजार भारतीय फंस गए हैं। इनमें करीब 1400 लोग पंजाब के हैं। इन लोगों ने एक वीडियो में वहां से मुक्त कराने की गुहार लगाई है।
होशियारपुर, [हजारी लाल/अभिषेक भाटिया]। विदेश जाकर पैसे कमाने की लालसा में चार हजार भारतीय सऊदी अरब की एक कंपनी में फंस गए हैं। ये लोग देश छोड़कर विदेश में गए थे परिवार की खुशहाली के लिए, लेकिन वहां पर यह मुसीबतों की जंजीरों में जकड़ गए हैं। सऊदी अरब की कंपनी में फंसे इन भारतीयों में करीब 1400 पंजाब के हैं। इनमें होशियारपुर और जालंधर के युवक ज्यादा हैं। मुसीबत में फंसे लोगों ने वीडियो के माध्यम से अपनी दुख भरी दास्तां सुनाई है। इन लोगों ने विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और पंजाब सरकार से बचाने व वहां से निकालने की गुहार लगाई है।
वीडियो बनाकर कंपनी में फंसे लोगों ने सुषमा स्वराज से संकट से बाहर निकालने की फरियाद
15 मिनट की वीडियो में कंपनी में फंसे भारतीयों ने अपनी व्यथा सुनाई है। इन लोगों ने कहा है कि सऊदी अरब के जेहाद की कंपनी जे एंड पी में पिछले आठ माह से वेतन नहीं दे रही है। मेडिकल कार्ड न बनाने से बीमार होने पर दवाइयां नहीं मिल रही हैं। जब वे घर वापस भेजने के बात करते हैं तो कंपनी की ओर से डेढ़-डेढ़ लाख रुपये जमा करवाने की बात कही जाती है। कंपनी ने आठ माह के वेतन भी नहीं दिए और उल्टे पैसे भी मांग रही है।
सऊदी अरब में फंसे भारतीय वहां से निकालने की गुहार करते हुए।
आठ माह से वेतन न मिलने से खाना खाने को भी पड़े लाले, न सुन रही एबेंसी और न ही वहां की लेबर कोर्ट
फिलहाल, अभी तक युवकों की शिनाख्त नहीं हो पाई है की कि कहां के रहने वाले हैं, लेकिन इतना मालूम पड़ा है कि एक जालंधर के मकसूदां का रहने वाला है और उसका नाम जोधामल है। वह भी वीडियो में नारकीय जिंदगी से बाहर निकालने की फरियाद कर रहा है। जोधामल छह साल पहले सऊदी अरब गया था।
उसने वीडियो में बताया है कि वह शुरू से ही जे एंड पी कंपनी में काम कर रहा है। पहले तो सब ठीक था, लेकिन एक साल से कंपनी अपने मुलाजिमों के साथ गलत व्यवहार करने लगी। न तनख्वाह दे रही है अौर न मेडिकल कार्ड बना रही है। न ही खाने का ही उचित प्रबंध किया जाता है। वीडियो के अनुसार इस कंपनी में चार हजार भारतीय फंसे हैं। इनमें करीब 1400 पंजाब से हैं। इनमें से होशियारपुर और जालंधर के ज्यादा लोग हैं। मुसीबतों में फंसे सभी लोग घर वापस आना चाहते हैं, लेकिन वह बेबस हैं।
सऊदी अरब में फंसे भारतीय वहां से निकालने की गुहार करते हुए।
वीडियो में ये लोग फरियाद कर रहे हैं की कि पैसे न होने से उनके परिवारों का गुजारा चलना मुश्किल हो गया है। घर परिवार छोड़कर वह कमाने के लिए आए थे, लेकिन यहां पर बुरे फंस गए हैं। फीस न जमा होने से बच्चों की पढ़ाई रुक गई है। दुकानदारों ने राशन उधार देना बंद कर दिया है।
अपनी दुख भरी व्यथा सुनाते हुए लोगों ने केंद्रीय विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से अपील की है कि वह संकट में है, वह उनकी मदद करें। क्योंकि उनकी न यहां पर एबेंसी सुन रही है और न ही लेबर कोर्ट। अब उनकी उम्मीद भारत सरकार पर ही टिकी है।